अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के पंचवीर वार्ड नंबर-3 में तीन दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव घर के पास ही एक पानी भरे गड्ढे से बरामद किया गया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान सुमन कुमारी (16 वर्ष) पुत्री चंदन मल्लिक के रूप में हुई है, जो इसी इलाके की निवासी थीं। सुमन के पिता मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते हैं।
तीन दिनों से गायब थी किशोरी
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, सुमन 30 सितंबर यानी 3 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे अचानक घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई थी। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने इसकी सूचना साहेबपुर कमाल थाना पुलिस को दी। इसके बाद लगभग 72 घंटों की तलाश के बाद आखिरकार घर के पास ही स्थित एक पानी भरे गड्ढे में उसका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची, शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।
प्रेम-प्रसंग और धमकियों के गंभीर आरोप
इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब मृतका के चाचा ने एक स्थानीय युवक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए। परिजनों का दावा है कि ज्ञान टोल, बहलोरिया शिव मंदिर के रहने वाले एक युवक से सुमन का पिछले छह महीनों से कथित प्रेम-प्रसंग चल रहा था। परिवार के पास एक ही मोबाइल फोन होने के कारण दोनों घंटों बातचीत किया करते थे। जब इस बात की भनक परिजनों को लगी, तो मृतका के पिता ने उस युवक को अपनी बेटी से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी थी।
परिजनों का आरोप है कि 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे उक्त युवक ने सुमन के पिता के मोबाइल पर फोन करके उनकी बेटी को घर से उठा लेने की धमकी दी थी। इसके ठीक अगले दिन सुमन अचानक गायब हो गई।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस को पूरी बात बताई, तो पुलिस ने युवक के घर जाकर पूछताछ की, जहां युवक ने सुमन से वीडियो कॉल पर बात करने की बात स्वीकार भी की थी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने युवक को हिरासत में लेने के कुछ ही घंटों के भीतर उसे छोड़ दिया। बहरहाल, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। अब सवाल यह उठता है कि सुमन की यह मौत एक हादसा है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है? फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

