बेगूसराय। जिले से एक मामला सामने आया है, जहां एक ईंट भट्ठे पर काम करने वाला फायरमैन संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। उसके साथ काम करने वाले सहयोगियों ने अपहरण के बाद हत्या कर शव को गायब करने की आशंका जताई है। यह पूरी घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के फुलमलिक गांव के पास स्थित एसवाईएम (SYM) ईंट चिमनी की है। लापता युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला अंतर्गत हरिचंद्रपुर थाना क्षेत्र के लखनाखेत गांव निवासी निहोरे पासवान के 28 वर्षीय पुत्र राहुल पासवान के रूप में हुई है।

​चोर समझकर ग्रामीणों ने की थी बेरहमी से पिटाई

​घटनाक्रम के अनुसार, शुक्रवार की आधी रात को राहुल पासवान चिमनी के पास स्थित एक स्थानीय ग्रामीण के घर में दीवार कूदकर घुस गया था। घर के सदस्यों को जैसे ही उसकी आहट मिली, उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। चोर-चोर की आवाज सुनकर भारी संख्या में आसपास के ग्रामीण वहां इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखकर राहुल अपनी जान बचाकर भागने लगा, लेकिन लोगों ने पीछा करके उसे चिमनी परिसर के पास ही दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने कुदाल, लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी राहुल किसी तरह वहां से भाग निकला, जिसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल सका है।

​सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी

​यह पूरी वारदात ईंट भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें हमलावर युवक को बेरहमी से पीटते हुए साफ नजर आ रहे हैं। घटना शुक्रवार रात की है, लेकिन चिमनी प्रबंधन और सहकर्मियों द्वारा काफी खोजबीन करने के बाद शनिवार दोपहर को स्थानीय पुलिस को मामले की लिखित सूचना दी गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष तुरंत दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने लापता फायरमैन का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी गहनता से जांच की जा रही है।

​तीन आरोपी गिरफ्तार, आठ पर नामजद प्राथमिकी

​इस मामले में राहुल के सहकर्मी और रायबरेली के ही निवासी सूर्यकरण ने साहेबपुर कमाल थाने में एक लिखित आवेदन दिया है। शिकायत में कुल आठ स्थानीय लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। प्रभारी डीएसपी कुंदन कुमार ने बताया कि चिमनी मालिक की सूचना पर पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है। हालांकि, जब तक लापता राहुल का कोई सुराग या शव बरामद नहीं हो जाता, तब तक किसी भी नतीजे पर पहुंचना मुश्किल है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।