बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के सुग्गा गांव में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक मां ने अपनी 5 साल की मासूम बेटी के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सुग्गा गांव निवासी रंजन कुमार राय की पत्नी अनामिका कुमारी (25) और उसकी पुत्री पीहू कुमारी (5) के रूप में हुई है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका अनामिका की शादी 13 दिसंबर 2019 को मुंगेर जिले के झौआ बहियार गांव निवासी रामानंद प्रसाद सिंह की पुत्री अनामिका के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही थीं। रंजन और उसके माता-पिता दिल्ली में रहते थे, जबकि अनामिका अपनी बेटी के साथ सुग्गा गांव स्थित ससुराल में अकेली रहती थी।

​पति पर लगे गंभीर आरोप और प्रताड़ना

​मृतका के पिता रामानंद प्रसाद सिंह ने अपने दामाद रंजन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि रंजन का अपनी ही भाभी के साथ अवैध संबंध था, जिसका अनामिका विरोध करती थी। इसी वजह से दामाद उनकी बेटी को नापसंद करता था।
​पिता का आरोप है कि पिछले तीन-चार महीनों से पति ने अनामिका को भरण-पोषण के लिए एक भी पैसा नहीं भेजा था, जिससे वह दाने-दाने को मोहताज हो गई थी। इसके अलावा, पति ने अनामिका के घर से बाहर निकलने पर भी रोक लगा रखी थी और मायके वालों से बात करने पर गाली-गलौज करता था।

​सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी

​घटना की शाम पति-पत्नी के बीच फोन पर किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसी मानसिक तनाव से परेशान होकर अनामिका ने पहले अपनी मासूम बेटी पीहू को जहर खिलाया और खुद भी जहर गटक लिया। घर से कराहने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से बेहोश अनामिका को बखरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रात में उसकी भी सांसें थम गईं।
​सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बेगूसराय सदर अस्पताल में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर मायके वालों को सौंप दिया है। बखरी थानाध्यक्ष के अनुसार, मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है, जिसमें पारिवारिक विवाद और तीन-चार महीने से खर्च न मिलने की बात लिखी है। पुलिस फिलहाल सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।