बेगूसराय। सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाने और रील्स बनाने के चक्कर में एक पति-पत्नी सीधे जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं। प्यार, सनक, तमंचे की नुमाइश और हथियारों से बुनी यह कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर धौंस जमाने और रील्स के जरिए दहशत फैलाने का नशा इस कदर भारी पड़ा कि दोनों की अंतिम मंजिल सीधे जेल की सलाखें बनीं।
अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही लहूलुहान महिला जैसे ही होश में आई, पुलिस ने उसे कस्टडी में लेकर जेल भेज दिया। वहीं, उसके प्रेमी से पति बने युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।
कट्टा लहराकर सोशल मीडिया पर फैलाई दहशत
मामला तब गर्माया जब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दो खौफनाक वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। वायरल हो रहे पहले वीडियो में एक युवती हाथ में लोडेड कट्टा (देशी तमंचा) लेकर बॉलीवुड गानों और भोजपुरी डायलॉग्स पर रील बनाती दिख रही थी। उसके हाव-भाव और हाथों में हथियार लहराने के अंदाज से साफ था कि उसे कानून का कोई खौफ नहीं है।
वहीं, दूसरा वीडियो इससे भी ज्यादा खतरनाक था। इसमें युवती का पति अपने एक अन्य साथी के साथ नीले रंग की बाइक पर सवार होकर सूनी सड़कों पर फर्राटा भर रहा था। पीछे बैठा युवक हाथ में कट्टा लहराकर खुलेआम धमकियां दे रहा था और बैकग्राउंड में गाली-गलौज वाले ऑडियो बज रहे थे। दोनों वीडियो में कानून को ठेंगा दिखाकर दबंगई का नंगा नाच साफ नजर आ रहा था।
अस्पताल के बेड से हुई सीधी गिरफ्तारी
जैसे ही ये वीडियो वायरल हुए, बेगूसराय पुलिस महकमा सतर्क हो गया। एसपी के निर्देश पर बखरी थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जब पुलिस ने चेहरे की पहचान की, तो पता चला कि कट्टा लहराने वाली युवती मौजी थान सिंह की रहने वाली करिश्मा कुमारी (करिश्मा पासवान) है, जिसने दूसरी जाति के लड़के से लव मैरिज की थी।
पुलिस जब उसकी तलाश में निकली, तो वह बेगूसराय सदर अस्पताल के वार्ड में गंभीर जख्मों के साथ भर्ती मिली। डॉक्टरों द्वारा खतरे से बाहर घोषित करते ही पुलिस ने अस्पताल के बेड से ही उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही दूसरी टीम ने उसके पति को भी धर दबोचा। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

