Bengaluru Boyfriend Murder Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हुए बॉयफ्रेंड मर्डर केस यानी बेंगलुरु किरण मर्डर केस (Bengaluru Kiran murder case) ने सभी को हिला कर रख दिया है। यहां प्रेमिका ने प्रेमी की हत्या करने के लिए रूह कंपाने देने वाली चाल चली। आरोपी प्रेमिका प्रेमा ने अपने प्रेमी किरण को पहले अपने घर बुलाया। इसके बाद ‘वेस्टर्न स्टाइल प्रपोजल’ (Western Style Proposal) के नाम पर आंखों पर पट्टी बांधी। इसके बाद हाथ-पैर बांधे फिर केरोसिन डालकर जिंदा जला दिया। आरोपी प्रेमिका प्रेमा ने पुलिस पूछताछ में उसने हत्या की योजना पहले से बनाने की बात कबूल कर ली है।

 पुलिस के अनुसार, घर में कोई और मौजूद नहीं था। इसी दौरान युवती ने कथित तौर पर किरण से कहा कि वह उसे ‘विदेशी अंदाज’ में प्रपोज करेगी। इसके बाद उसने रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी। इसके बाद पहले से तैयार रखा मिट्टी का तेल किरण पर डाल दिया और आग लगा दी। इससे उसकी मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक किरण और प्रेमा की मुलाकात पिछले साल अगस्त में हुई थी। दोनों टेलीकॉम कंपनी में साथ काम करते थे। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और इस साल 14 फरवरी, यानी वैलेंटाइन डे के दिन प्रेमा ने अपने प्यार का इजहार किया, जिसे किरण ने भी स्वीकार कर लिया था। प्रेमा अपने प्रेमी के लिए बेहद गंभीर थी और उसने उसे खुश करने के लिए करीब 4.5 लाख रुपये की कीमत वाला बाइक और मोबाइल फोन गिफ्ट करने का भी प्लान बनाया था। हालांकि इसके बाद कहानी अचानक करवट लेती है इजहार-ए-मोहब्बत के 66 दिन बाद प्रेमी को रूह कंपा देने वाली मौत देती है।

प्रेमिका ने पुलिस को बताई कहानी

प्रेमा के मुताबिक, किरण ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी थी। उसके इस बदलते व्यवहार से वह काफी गुस्से में थी। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से प्रेमा ने पहले से ही किरण की हत्या करने और बाद में खुद आत्महत्या करने की योजना बना ली थी। प्रेमा के मुताबिक, किरण ने हाल ही में अपने पूर्व प्रेमिका का जन्मदिन मनाया था और उसकी तस्वीरें खींचीं थी। इसको लेकर जब किरण से सवाल किया, तो वह झगड़ा करने लगा। यही नहीं, प्रेमा का नंबर ब्लॉक कर दिया, तो बदला लेने की भावना और भी बढ़ गई। हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए पहले ही पेट्रोल और केरोसिन खरीदकर रख लिया। साथ ही उसने अपने कमरे में जहर की एक बोतल और गोलियां तैयार रखी थीं, ताकि आग से बच जाने पर वह आत्महत्या कर सके। जब किरण जिंदा जल रहा था, तो वह आग में दर्द से चीख रहा था। ये देखकर प्रेमा डर गई और बाहर भाग गई।

पुलिस को शक-घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में की

इतना ही नहीं, पुलिस को यह भी आशंका है कि आरोपी ने पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले में युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के डीसीपी डीएल नागेश ने बताया कि यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m