बेतिया। जिले के बैरिया प्रखंड स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सिरसिया मठिया में एक शिक्षक द्वारा छठी कक्षा के छात्र की निर्मम पिटाई का मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक द्वारा छात्र को लहूलुहान कर दिए जाने के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में जमकर हंगामा किया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित छात्र 13 वर्षीय इरशाद आलम है। उसके पिता मोहम्मद आलमगीर ने बताया कि शुक्रवार को उनका बेटा नमाज पढ़कर स्कूल लौटा था। स्कूल में प्रवेश करने के बाद उसने शिक्षक उमाकांत राम को प्रणाम किया। आरोप है कि शिक्षक ने उसे नहीं सुना, जिस पर इरशाद ने दोबारा प्रणाम किया। इस छोटी सी बात से शिक्षक इतने आगबबूला हो गए कि उन्होंने छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना के बाद छात्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बैरिया ले जाना पड़ा।
हेडमास्टर ने माना, शिक्षक ने मांगी माफी
विद्यालय के हेडमास्टर मोहन राम ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि क्लास शुरू होने के दौरान शिक्षक उमाकांत राम ने छात्र को बुरी तरह पीटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए हेडमास्टर ने आरोपी शिक्षक को कड़ी फटकार लगाई है। शिक्षक उमाकांत राम ने अपनी गलती स्वीकारते हुए आगे से ऐसी हरकत न करने का आश्वासन दिया है। हालांकि हेडमास्टर ने स्पष्ट कहा कि वे इस घटना की लिखित शिकायत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से करेंगे और आरोपी शिक्षक के स्थानांतरण या निलंबन की मांग करेंगे।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षा पर उठे सवाल
इरशाद के परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में न तो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जाती है और न ही शिक्षकों का व्यवहार बच्चों के प्रति उचित है। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि पूर्व में हुई शिकायतों पर संज्ञान लिया गया होता तो आज यह घटना नहीं होती। स्थानीय लोगों और परिजनों ने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि आरोपी शिक्षक को तत्काल निलंबित किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। फिलहाल शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसके बाद ही आरोपी के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

