हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बेटमा में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की जमीन पर बाउंड्रीवॉल के निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। निर्माण कार्य के विरोध में बड़ी संख्या में छात्राएं सड़क पर उतर आईं और प्रदर्शन किया। इसी दौरान आक्रोशित विद्यार्थियों ने मौके पर बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल को तोड़ दिया। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।

करणी सेना परिवार ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

इस पूरे मामले में करणी सेना परिवार ने कड़ा रुख अपनाते हुए देपालपुर तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने स्कूल की जमीन के स्वामित्व, नामांतरण और निर्माण कार्य की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। करणी सेना का आरोप है कि स्कूल के आसपास पहले से बनी बाउंड्रीवॉल की जमीन पर कथित तौर पर कब्जा करने के बाद अब नया निर्माण किया जा रहा है।

संगठन ने मांग की है कि संबंधित भूमि के सर्वे क्रमांक, यह नामांतरण किसके पक्ष में हुआ और किन दस्तावेजों के आधार पर किया गया, इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, निर्माण कार्य की आधिकारिक अनुमति और उसकी वैधता को भी सार्वजनिक करने की मांग उठाई गई है, ताकि बेटियों के भविष्य और स्कूल की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m