फरीदाबाद: दोस्ती के रिश्ते को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज वारदात हरियाणा के फरीदाबाद से सामने आई है। यहाँ धौज थाना क्षेत्र में एक 17 साल के नाबालिग ने अपने ही 19 वर्षीय जिगरी दोस्त राजकुमार की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर आरोपी ने पकड़े जाने से बचने के लिए एक ऐसी मनगढ़ंत कहानी रची, जिसने पुलिस और परिजनों को घंटों तक गुमराह करके रखा। हालांकि, पुलिस की सख्ती के आगे कातिल दोस्त का झूठ ज्यादा टिक नहीं पाया और पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पत्थरों के बीच से शव बरामद कर लिया।
सेल्फी लेते समय झील में डूबने का रचा झूठा नाटक
मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के रहने वाले गोैरेलाल पिछले 20 सालों से फरीदाबाद के सिरोही गांव में किराए का कमरा लेकर रह रहे हैं। वह पेशे से चिनाई मिस्त्री हैं। उनके मुताबिक, 4 अक्टूबर की शाम करीब 4 बजे उनके चौथे नंबर के बेटे राजकुमार (19) को पड़ोस में रहने वाले उसके 17 वर्षीय दोस्त ने फोन करके बुलाया था। देर शाम तक जब राजकुमार घर नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान जब आरोपी दोस्त से पूछा गया तो उसने बेहद शातिराना अंदाज में कहानी बनाई। उसने कहा कि वह और राजकुमार झील पर घूमने गए थे, जहाँ सेल्फी लेते समय राजकुमार का पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया।

पुलिस के साथ मिलकर खुद ढूंढता रहा शव
खुद को बेकसूर दिखाने के लिए आरोपी सिर्फ कहानी बनाने तक ही नहीं रुका। वह खुद पुलिस और परिजनों के साथ मिलकर झील में शव की तलाश करवाने का नाटक भी करता रहा। पुलिस और गोताखोरों की टीमें काफी समय तक झील के गहरे पानी में खाक छानती रहीं, लेकिन राजकुमार का कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
बार-बार बयान बदलने पर हुआ शक, ऐसे खुला राज
पूछताछ के दौरान आरोपी दोस्त बार-बार अपने बयान बदल रहा था, जिससे पुलिस को उस पर गहरा शक हो गया। धौज थाना पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने राजकुमार की हत्या की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि राजकुमार झील में नहीं डूबा था, बल्कि उसने उसकी हत्या करने के बाद लाश को छुपा दिया था। सोमवार रात करीब साढ़े 8 बजे पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर झील से करीब 200 मीटर दूर पहाड़ में पत्थरों के बीच छिपाई गई राजकुमार की लाश को बरामद कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी और उसके पिता के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। हालांकि, अभी तक हत्या की मुख्य वजह सामने नहीं आ पाई है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
