कुमार इंदर, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस लाइन से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां कानून के रखवाले ही आपस में भिड़ गए। यहां तैनात एक पुलिसकर्मी ने अपने ही साथी आरक्षक पर चाकू और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में आरक्षक मुकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, घायल मुकेश तिवारी वर्तमान में मनगवां थाना में पदस्थ हैं और उनकी ड्यूटी कलेक्ट्रेट में लगी हुई है। बीती रात जब वे खाना लेने अपने शासकीय आवास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे साथी पुलिसकर्मी सुरेंद्र पांडे, उसके बेटे और दो अन्य साथियों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने चाकू, टांगी और डंडों से मुकेश तिवारी पर ताबड़तोड़ वार किए।
पीड़ित की पत्नी ने बताया कि आरोपी सुरेंद्र पांडे पिछले 3-4 दिनों से लगातार गाली-गलौज कर रहा था और बीती रात उसने रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी पुलिसकर्मी अपने साथियों के साथ फरार हो गया है। घायल जवान को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

