दिल्ली सरकार ने प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ पहल के सातवें चरण के तहत 45 नए आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर जनता को समर्पित किए हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने शकूरपुर से इन नए स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर दिल्लीवासी को अपने घर और कॉलोनी के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के शुरू होने से राजधानी में लोगों को गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक मजबूत होगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य जल्द ही राजधानी में 1,100 से अधिक आयुष्मान जन आरोग्य मंदिर स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों पर लोगों को कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें OPD सेवा, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण, जरूरी दवाइयां और करीब 80 प्रकार की निशुल्क जांच शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मंत्री ने कहा कि इन स्वास्थ्य केंद्रों में बीमारियों की रोकथाम, स्वास्थ्य जागरूकता और व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को समय पर इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए उन्हें बड़े अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े। पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली सरकार अब तक 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिर सफलतापूर्वक शुरू कर जनता को समर्पित कर चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य राजधानी के हर क्षेत्र में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
सरकार के मुताबिक, अब तक शुरू किए गए 370 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 244 अर्बन सब हेल्थ सेंटर और 126 अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर शामिल हैं। सरकार का कहना है कि यह पहल राजधानी में लोगों को उनके घर के नजदीक बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके जरिए स्वास्थ्य सुविधाओं को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने और शुरुआती चरण में ही बीमारियों की पहचान व उपचार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इनमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, टीकाकरण, बीमारियों की जांच और प्रबंधन, सामान्य बीमारियों का इलाज, आवश्यक दवाइयां, स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य जागरूकता और वेलनेस से जुड़ी प्राथमिक सेवाएं शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि इन केंद्रों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल इलाज तक सीमित न रखते हुए बीमारी से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
दिल्ली के हर नागरिक को मिलेगा बेहतर इलाज
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन केंद्रों के जरिए दिल्ली के हर नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सरकार के विजन को मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर केवल इलाज का केंद्र नहीं होंगे, बल्कि व्यापक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों के संपर्क का पहला माध्यम बनेंगे। इन केंद्रों में बीमारी की रोकथाम, शुरुआती स्तर पर बीमारी की पहचान, समय पर जांच और इलाज पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि लोगों को छोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों पर निर्भर न रहना पड़े और उन्हें अपने घर के आसपास ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
CM रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कुशल नेतृत्व में सरकार दिल्ली में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं के बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक ऐसा मजबूत और नागरिक-केंद्रित हेल्थकेयर सिस्टम तैयार करना है, जिसमें हर व्यक्ति को अपने घर के आसपास ही भरोसेमंद और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का विस्तार इसी दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, बीमारी की रोकथाम, शुरुआती जांच और समय पर इलाज की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही है।
दिल्ली में आधुनिक होगा पब्लिक हेल्थ सिस्टम
सरकार का लक्ष्य दिल्ली में ऐसा संवेदनशील, समावेशी और कुशल पब्लिक हेल्थ सिस्टम तैयार करना है, जिसका लाभ हर नागरिक तक पहुंच सके। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार हेल्थकेयर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने और गुणवत्तापूर्ण इलाज की पहुंच बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर जैसे केंद्र इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से लोगों को उनके घर के नजदीक प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे समय पर बीमारी की पहचान और इलाज संभव हो सकेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

