अमित पवार, बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां नागपुर-भोपाल नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि बस, आयशर ट्रक और पिकअप वाहन की जोरदार टक्कर हुई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात ये रही कि बस पलटने से बच गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
यह पूरा मामला साईखेड़ा थाना क्षेत्र का है। दरअसल, बैतूल से साईखेड़ा की ओर जा रहा एक आइशर ट्रक ससुन्द्रा चौराहे पर रोड क्रॉस कर रहा था। तभी रायपुर से खाटूश्याम जा रही शर्मा बस, जो मुलताई से बैतूल की ओर आ रही थी, अचानक पिकप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से भी टकरा गई, जिससे पिकअप पलट गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें: MP के छिंदवाड़ा में बड़ा हादसा: 10 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 से ज्यादा लोग घायल; वीडियो आया सामने
हादसे में पिकप चालक और उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। गनीमत ये रही कि हादसे के बाद बस सड़क से नीचे उतर गई लेकिन पलटी नहीं,वरना बस में सवार दर्जनों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

