अमित पवार, बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब अपनी ही बेटी से दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार पिता ने थाने के लॉकअप में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। आरोपी की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
गेट से लटककर आत्महत्या की कोशिश
जानकारी के मुताबिक, मुलताई थाना पुलिस ने आरोपी पिता को अपनी ही नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के आरोप में हिरासत में लिया था। पुलिस आरोपी को थाने लाई ही थी कि इसी दौरान उसने लॉकअप में दी गई चादर को फाड़कर फंदा बना लिया और गेट से लटककर आत्महत्या की कोशिश कर डाली। घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आरोपी को मुलताई अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल आरोपी आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
आरोपी लंबे समय से अपनी ही बेटी के साथ गलत काम कर रहा था
बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से अपनी ही बेटी के साथ गलत काम कर रहा था। घटना वाले दिन भी वह पुराने मकान में बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। बेटी की आवाज सुनकर मां ने दरवाजा खोलने को कहा, लेकिन आरोपी ने गेट नहीं खोला। इसके बाद मां ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को मौके पर बुलाया।
पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था। लेकिन थाने के अंदर ही आरोपी द्वारा फांसी लगाने की घटना ने पुलिस की सुरक्षा और संवेदनशीलता पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। बड़ा सवाल यही है कि आखिर पुलिस हिरासत में आरोपी फंदा लगाने में कैसे कामयाब हो गया।

