Lifestyle Desk – तपती गर्मी में ठंडा और रसदार तरबूज शरीर को राहत देने का सबसे आसान और स्वादिष्ट तरीका है. पानी से भरपूर ये फल न सिर्फ प्यास बुझाता है, बल्कि शरीर को हाइड्रेट भी रखता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि बाजार में मिलने वाला हर तरबूज आपकी सेहत के लिए सुरक्षित नहीं होता? आज कल ऐसे केस बहुत देखने, सुनने में आ रहे हैं जहाँ तरबूज को जल्दी पकाने के लिए खतरनाक केमिकल्स का इस्तेमाल करते हैं, जो सेहत पर गंभीर असर डाल सकते हैं.

किस तरह का मिला रहे केमिकल

विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ व्यापारी कच्चे तरबूज को पकाने के लिए कैल्शियम कार्बाइड और एरिथ्रोसिन जैसे रसायनों का उपयोग करते हैं. कैल्शियम कार्बाइड नमी के संपर्क में आने पर एसीटिलीन गैस छोड़ता है, जो फल को कृत्रिम रूप से पकाता है. यह गैस शरीर के लिए हानिकारक हो सकती है और इससे सिरदर्द, चक्कर, उल्टी और यहां तक कि न्यूरोलॉजिकल समस्याएं भी हो सकती हैं. वहीं एरिथ्रोसिन जैसे रंग देने वाले केमिकल्स तरबूज को अंदर से लाल और आकर्षक बनाते हैं, लेकिन यह भी सेहत के लिए सुरक्षित नहीं हैं. ऐसे में जरूरी है कि आप बाजार से तरबूज खरीदते समय कुछ आसान बातों का ध्यान रखें, ताकि केमिकली पके फल से बचा जा सके.

बाहरी रंग मो चैक करें

सबसे पहले, तरबूज के बाहरी रंग को ध्यान से देखें. प्राकृतिक रूप से पका तरबूज गहरे हरे रंग का होता है और उस पर हल्के पीले धब्बे (field spot) दिखाई देते हैं. यह धब्बा इस बात का संकेत है कि फल जमीन पर रखकर धीरे-धीरे पका है. यदि तरबूज बहुत ज्यादा चमकदार या एकदम समान रंग का दिखे, तो वह शक के दायरे में हो सकता है.

थपथपा कर देखें

दूसरा तरीका है तरबूज को थपथपाकर देखना. पका हुआ तरबूज थपथपाने पर गूंजदार (hollow) आवाज देता है, जबकि कच्चा या केमिकली पका तरबूज भारी और दबा हुआ सा लगता है.

गूदे को ध्यान से देखें

तीसरा, तरबूज को काटने के बाद उसके गूदे पर ध्यान दें. प्राकृतिक तरबूज का रंग हल्का गुलाबी से गहरा लाल होता है और उसमें बीज स्पष्ट रूप से दिखते हैं. अगर गूदा बहुत ज्यादा चमकीला लाल हो या उसमें सफेद धारियां नजर आएं, तो यह केमिकल के इस्तेमाल का संकेत हो सकता है. साथ ही, बहुत ज्यादा रस निकलना भी असामान्य हो सकता है.

पानी से करें जाँच

एक और आसान टेस्ट है पानी वाला. तरबूज के छोटे टुकड़े को पानी में डालें. अगर पानी का रंग बदलने लगे या लालपन फैलने लगे, तो समझ लें कि उसमें कृत्रिम रंग मिलाया गया है. गर्मी के मौसम में सेहतमंद रहने के लिए जरूरी है कि आप सतर्क रहें और समझदारी से फल खरीदें. हमेशा भरोसेमंद दुकानदार से ही तरबूज लें और ऊपर बताए गए संकेतों को ध्यान में रखें. थोड़ी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को केमिकल युक्त फलों के नुकसान से बचा सकती है.