संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी भोपाल में ऑनलाइन क्विक-कॉमर्स ऐप ब्लिंकिट (Blinkit) की घोर लापरवाही सामने आई है। शहर के सलैया इलाके में ब्लिंकिट से ऑर्डर कर मंगवाई गई ‘टॉप एंड टाउन’ कंपनी की ब्रेड में फफूंद (फंगस) लगी मिली। हैरान करने वाली बात यह है कि ब्रेड पैकेट पर एक्सपायरी डेट 26 सितंबर दर्ज थी, फिर भी उसके अंदर खराब और दूषित ब्रेड भेजी गई। इस फफूंद लगी ब्रेड को घर की दो मासूम बच्चियों ने भी खा लिया, जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।

पैकेट खोला गया, तो उसमें फफूंद लगी हुई थी

मामला भोपाल के सलैया का है, जहां एक निवासी ने ऑनलाइन डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट से टॉप एंड टाउन ब्रांड की दो ब्रेड ऑर्डर की थीं। जब ब्रेड का पैकेट खोला गया, तो उसमें फफूंद लगी हुई थी। परिजनों को इसका पता तब चला जब ब्रेड का कुछ हिस्सा 14 महीने की मासूम बच्ची और 8 साल की बच्ची खा चुकी थीं। मासूम बच्चियों द्वारा दूषित खाद्य पदार्थ खाने से उनके स्वास्थ्य को लेकर परिवार में काफी डर का माहौल बन गया।

मध्यप्रदेश

सरकार का पटवारियों को बड़ा तोहफाः 1050 पटवारियों का होगा प्रमोशन, बनेंगे राजस्व निरीक्षक, प्रक्रिया शुरू

अधिकारियों की सुस्ती पर नाराजगी

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने ब्लिंकिट ऐप पर शिकायत दर्ज कराई और खाद्य सुरक्षा विभाग को भी मामले की सूचना दी। हालांकि, सूचना दिए जाने के बावजूद देर रात तक खाद्य सुरक्षा विभाग का कोई भी अमला या अधिकारी ब्रेड का सैंपल लेने मौके पर नहीं पहुंचा। अधिकारियों की इस सुस्ती पर भी परिजनों ने भारी नाराजगी जताई है। इस पूरे मामले पर जब मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी से बात की गई, तो उन्होंने जांच का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि जल्द ही दूषित ब्रेड का सैंपल लेकर उसकी लैब में जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m