अतीश दीपंकर, भागलपुर। देवघर और बाबा बैद्यनाथ की यात्रा के प्रमुख द्वार कहे जाने वाले भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित ऐतिहासिक अजगैविनाथ धाम में इस बार सावन का दूसरा सोमवार बेहद खास और ऐतिहासिक बन गया। बिहार सरकार के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत, जिला प्रशासन की ओर से पहली बार कांवरियों और शिव भक्तों का स्वागत हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा करके किया गया। आसमान से जब शिवभक्तों पर पुष्पों की पंखुड़ियां गिरीं, तो पूरा कांवरिया पथ हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठा।


इन प्रमुख स्थलों पर बरसे फूल
प्रशासन द्वारा बनाई गई खास योजना के तहत हेलीकॉप्टर से केवल मंदिर परिसर ही नहीं, बल्कि भक्तों के आवागमन वाले मुख्य मार्गों को भी आच्छादित किया गया।
- मुख्य अजगैविनाथ मंदिर परिसर
- संपूर्ण कांवरिया पथ का इलाका
- धांधली बेलारी कांवरिया धर्मशाला और आसपास का क्षेत्र
इन सभी जगहों पर जब पुष्प वर्षा हुई, तो वहां मौजूद कांवरियों की थकान पलभर में गायब हो गई। शिव भक्तों में इस अछूती और भव्य व्यवस्था को लेकर गजब का उत्साह और उमंग देखा गया। दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने सरकार और जिला प्रशासन के इस अनूठे प्रयास की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
शीर्ष अधिकारियों ने खुद संभाली कमान
इस ऐतिहासिक आयोजन की भव्यता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए भागलपुर की जिलाधिकारी (DM) अलंकृता पाण्डेय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव खुद अजगैविनाथ मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर परिसर से लेकर पूरे मुआयना क्षेत्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को परखा।
इस अवसर पर जिला और प्रखंड स्तर के दर्जनों वरीय प्रशासनिक पदाधिकारी, पुलिस बल के जवान तथा हजारों की संख्या में देश के कोने-कोने से पहुंचे कांवरिया उपस्थित थे। प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था के कारण लाखों श्रद्धालुओं ने बिना किसी बाधा के सुगमता से गंगा जल भरकर अपनी आगे की यात्रा शुरू की।


