भागलपुर। जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित अंबाबाग इलाके में देर रात पुलिस और स्थानीय निवासियों के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिला। नशीले पदार्थों की बिक्री की गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम और स्थानीय लोगों के बीच जमकर हंगामा हुआ। निवासियों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि छापेमारी की आड़ में पुलिस ने महिलाओं के साथ बदसलूकी की, उन्हें लाठियों से पीटा और घरों के दरवाजे तोड़ दिए।
पुरानी रंजिश और विवाद की शुरुआत
स्थानीय निवासी राहुल कुमार ने घटना की जड़ शुक्रवार की सुबह बताई। राहुल के अनुसार, बबरगंज थाने के ड्राइवर अमित कुमार सिविल ड्रेस में उनके घर पहुंचे थे और दरवाजा खोलने का दबाव बना रहे थे। उस समय घर में महिलाएं मौजूद थीं, जिसके चलते उन्होंने बिना उचित आधिकारिक प्रक्रिया और महिला पुलिस बल के अंदर आने से मना कर दिया। राहुल का आरोप है कि इसी बात पर बहस हुई, जिसमें अमित कुमार ने गाली-गलौज की और बाद में भीड़ को बढ़ता देख वहां से भागने के दौरान गिरकर खुद को चोटिल कर लिया।
रात को बढ़ा तनाव, दरवाजा तोड़ने का आरोप
मामले ने तूल तब पकड़ा जब शनिवार रात करीब 11 बजे तीन गाड़ियों में लगभग 25 पुलिसकर्मियों का दल अंबाबाग पहुंचा। अंजलि कुमारी नामक स्थानीय महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दरवाजा खटखटाया लेकिन खुलने का इंतजार किए बिना ही जबरन दूसरे रास्तों से घर में घुसना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रकाश चौधरी और जितेंद्र चौधरी के घरों के दरवाजे तोड़ दिए गए। विरोध करने पर पुलिस ने लाठियां बरसाईं जिससे रेखा देवी, रुकड़ी देवी, लाल कुमार, सचिन कुमार, राधा कुमारी, अनु कुमारी, अंजलि, आशा किरण देवी, साक्षी कुमारी और राजू देवी समेत कई लोग घायल हो गए। एक महिला के सिर में गंभीर चोट आने के कारण वह बुरी तरह लहूलुहान हो गई।
डीएसपी ने आरोपों को नकारा
हालात बिगड़ने पर करीब एक दर्जन घायलों को रात एक बजे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके से कई लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं, डीएसपी राकेश कुमार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को नशीले पदार्थों की बिक्री की पुख्ता सूचना मिली थी, जिसके आधार पर छापेमारी की गई। डीएसपी के अनुसार, पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने विरोध किया, जिसके कारण स्थिति तनावपूर्ण हुई थी। फिलहाल इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

