भागलपुर। पुलिस ने पीरपैंती के एकचारी दियारा क्षेत्र में हुए चर्चित किसान हत्याकांड की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। जमीन विवाद के चलते हुई इस वारदात में शामिल चार मुख्य आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
जमीन विवाद ने ली किसान की जान
मंगलवार को सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि 8 मार्च को एकचारी थाना क्षेत्र के बबलू मंडल (30 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों का मृतक के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। घटना के दिन इसी बात पर कहासुनी हुई, जो इतनी बढ़ी कि आरोपियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर बबलू की जान ले ली।
विशेष टीम की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय इनपुट के आधार पर टीम ने दबिश देकर चार अपराधियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार मंडल, राहुल कुमार, बब्लू मंडल और अर्जुन कुमार उर्फ फंटू के रूप में हुई है। आरोपी अर्जुन कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।
भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया है।
बरामदगी में शामिल हैं:
02 देसी पिस्टल
19 जिंदा कारतूस
08 चले हुए कारतूस के खोखे
पुलिस अब इन हथियारों के स्रोत और आरोपियों के अन्य संपर्कों की गहनता से जांच कर रही है। सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

