भागलपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां शाहकुंड थाना क्षेत्र के मिल्की गांव में 15 वर्षीय एक नाबालिग छात्रा ने जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका 10वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसके पिता मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करते हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
देर रात वीडियो कॉल और सुसाइड से पहले का घटनाक्रम
मृतका के पिता ने बताया कि घटना की रात उनकी बेटी ने अपने हाथों पर मेहंदी से एक दिल का आकार बनाकर उस पर किसी युवक का नाम लिखा था। इसके अलावा, उसने अपनी मांग में सिंदूर भी भरा हुआ था। मृतका ने रात के करीब एक बजे एक युवक से वीडियो कॉल पर लंबी बातचीत की थी। बातचीत का सिलसिला खत्म होने के कुछ ही देर बाद उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी, तो परिजनों को इस बात की भनक लगी। वे आनन-फानन में उसे लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज अस्पताल) रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, इलाज के दौरान अस्पताल में ही उसने दम तोड़ दिया।
प्रेमी पर उठे सवाल, पुलिस कर रही है डिजिटल सबूतों की जांच
मृतका की मौसी के अनुसार किशोरी जिस युवक से लगातार बात कर रही थी उसकी पहचान सोनू शाह के रूप में हुई है। वह पचरुखी का रहने वाला है और टोटो चलाता है जो उमेश शाह का बेटा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की हर पहलू से पड़ताल कर रही है। मृतका के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (CDR), वीडियो कॉल के इतिहास और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि आखिर किन परिस्थितियों और दबाव में आकर नाबालिग ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


