अतीश दीपंकर, भागलपुर। जिला पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। दरअसल पुलिस ने नाथनगर थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा इलाके से तीन अपराधियों को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी की जानकारी भागलपुर के सिटी एसपी अतुलेश झा ने देते हुए बताया कि, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं, इसके लिए हथियारों का संग्रह कर रहे हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि, सूचना के आधार पर नाथनगर थाना पुलिस, एसटीएफ टीम और सशस्त्र बल की संयुक्त टीम ने शंकरपुर दियारा में छापेमारी कर तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों में नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक निवासी भरत कुमार, सबौर थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी नंदकिशोर मंडल और परबत्ता थाना क्षेत्र के शंकरपुर दियारा निवासी भोला मंडल शामिल हैं।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के पास से एक देसी मास्केट, दो नाली बंदूक, एक देसी कट्टा, 39 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद किया है। सिटी एसपी झा ने कहा कि, गिरफ्तार अपराधियों से फिलहाल पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही इन लोगों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था।

ये भी पढ़ें- भोपाल से इंजीनियरिंग पढ़कर घर लौटा छात्र पुरानी रंजिश का शिकार, चाकू से ताबड़तोड़ हमले में हालत गंभीर