भागलपुर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में एक महिला समेत कुल पांच लोगों को दबोचा गया है, जो शहर के युवाओं को नशे के जाल में धकेल रहे थे।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सटीक सूचना मिली थी कि शहर में ब्राउन शुगर की एक बड़ी खेप की डिलीवरी होने वाली है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने कोतवाली बायपास और लालमटिया थाना क्षेत्रों में मोर्चाबंदी की और घेराबंदी कर तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 200 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक, गौरव और एक महिला शामिल है।
लालमटिया में अलग कार्रवाई: अमित गिरफ्तार
नशे के खिलाफ इस अभियान के दौरान लालमटिया थाना क्षेत्र में एक और सफल छापेमारी की गई। पुलिस की स्पेशल टीम ने अमित कुमार नाम के शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 10.29 ग्राम ब्राउन शुगर मिली है। पुलिस के मुताबिक, अमित लंबे समय से इलाके में नशे की छोटी-छोटी पुड़िया सप्लाई कर रहा था और पुलिस की रडार पर था। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
सिटी एसपी ने स्पष्ट किया कि यह एक संगठित गिरोह है जो लंबे समय से भागलपुर में सक्रिय था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशे की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन से बड़े चेहरे शामिल हैं। पुलिस का मुख्य उद्देश्य शहर से नशे के इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

