​भागलपुर। जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पोखिया गांव निवासी 45 वर्षीय श्याम साह के रूप में हुई है। अपराधियों ने इतनी बेरहमी से घटना को अंजाम दिया कि उनके सिर में 7 गोलियां दाग दीं, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

​मकई बेचकर घर लौट रहे थे कारोबारी

​घटना बुधवार रात करीब 9:30 बजे पोखरिया चौक के समीप हुई। श्याम साह नवगछिया से मकई की बिक्री कर अपनी बाइक से घर वापस लौट रहे थे। घात लगाए बैठे अपराधियों ने मौका पाते ही उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और श्याम साह की मौके पर ही जान चली गई।

​3 दिन पहले मांगी गई थी 5 लाख की रंगदारी

​मृतक की पत्नी उषा देवी ने हत्या के पीछे रंगदारी का एंगल सामने रखा है। उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले ही पीयूष यादव नामक अपराधी ने उनके पति से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम न देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिवार में अब पत्नी के अलावा दो नाबालिग बेटे राजकुमार (10वीं) और राहुल (5वीं) हैं जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है।
​गौरतलब है कि पोखरिया चौक का यह इलाका पहले भी आपराधिक घटनाओं का गवाह रहा है। करीब पांच साल पहले यहीं पर दो पशु व्यापारियों पर धारदार हथियार से हमला किया गया था जिसमें एक की मौत हो गई थी।

​पुलिस की कार्रवाई और जांच

​सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, नवगछिया एसपी वैभव शर्मा और एसडीपीओ अनिकेत अमर घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है।
​एसपी वैभव शर्मा ने स्पष्ट किया कि यद्यपि मृतक के खिलाफ पूर्व से आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है लेकिन इस हत्याकांड के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। परिजनों की ओर से अभी आधिकारिक आवेदन नहीं मिला है फिर भी पुलिस ने अपराधियों की धर-पकड़ के लिए सघन छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारे उनकी गिरफ्त में होंगे।