भागलपुर। जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सबौर थाना क्षेत्र के चंदेरी गांव में कचरा फेंकने का विरोध करने पर दबंगों ने कृषि विभाग के एक सेवानिवृत्त स्टेनो की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान 75 वर्षीय महेंद्र यादव के रूप में हुई है, जो कृषि विभाग से स्टेनो के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। परिजनों के अनुसार, विवाद की जड़ घर के पास स्थित एक खाली जमीन बनी। महेंद्र यादव ने अपने पड़ोसियों को उस जमीन पर कचरा फेंकने से मना किया था। यह बात आरोपियों को इतनी नागवार गुजरी कि उन्होंने कानून को हाथ में लेते हुए घर पर धावा बोल दिया।
घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला
मृतक के बेटे अनिल यादव ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी आगबबूला हो गए और लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने बुजुर्ग महेंद्र यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब उन्हें बचाने के लिए उनकी पत्नी और बहू बीच-बचाव करने आईं, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की। इस हिंसक झड़प में परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल महेंद्र यादव को लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले उपचार कराने की सलाह दी। उन्हें आनन-फानन में मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पिता की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दबंग और शराब माफिया हैं आरोपी
परिजनों का आरोप है कि हमला करने वाले पप्पू यादव, सोनू यादव, फंटूश यादव, शिव यादव और टुनटुन यादव समेत आधा दर्जन लोग इलाके के कुख्यात दबंग हैं। वे कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार में भी संलिप्त हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके डर के कारण पहले कोई उनके खिलाफ मुंह नहीं खोलता था।
पुलिस की कार्रवाई और FIR
सबौर थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

