भागलपुर। जिले के बाथ थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 1500 रुपए के बकाया लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक टेंट हाउस संचालक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान झोझी लखनपुर निवासी चंदन कुमार सिंह (31) के रूप में हुई है।
बकाया पैसे मांगने पर बढ़ा विवाद
मृतक की पत्नी सोनम कुमारी के अनुसार, चंदन अपने घर से ही टेंट का कारोबार चलाते थे। गांव के ही चितरंजन कुमार ने कुछ समय पहले किराए पर कुर्सियां ली थीं, जिसका 1500 भुगतान बाकी था। बुधवार शाम जब चंदन ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपी चितरंजन भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा।
पत्नी के सामने ही बरपाया कहर
कहासुनी इतनी बढ़ी कि आरोपी ने लाठी-डंडों से चंदन के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। चंदन के जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी का मन नहीं भरा और वह उनके शरीर पर वार करता रहा। पत्नी सोनम चीखती-चिल्लाती रही, पति को छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावर ने एक न सुनी। शोर सुनकर जब ग्रामीण इकट्ठा हुए, तब आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, जांच में जुटी पुलिस
गंभीर स्थिति में चंदन को मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडिशनल थानाध्यक्ष सुमन कुमारी ने बताया कि फिलहाल लिखित शिकायत का इंतजार है, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


