भागलपुर। जिले में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कुछ दबंगों ने बारात को रोककर दूल्हे के साथ मारपीट की। मामला भागलपुर के बायपास थाना क्षेत्र के दोगच्छी गांव का है जहां मंगलवार देर रात बारात पहुंचने के दौरान दूल्हे को ‘छोटी जाति’ का बताकर घोड़ी से उतार दिया गया।
क्या है पूरा मामला?
हबीबपुर निवासी राशिद की बारात जब दोगच्छी गांव पहुंची, तो रास्ते में ही कुछ लोगों ने बारात को घेर लिया। दूल्हे राशिद के अनुसार, आरोपियों ने पहले बैंड-बाजा रुकवाया और फिर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए उसे बग्घी से नीचे उतरने पर मजबूर किया। विवाद बढ़ने पर दुल्हन पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह समझा-बुझाकर दूल्हे को शादी के मंडप तक पहुंचाया।
घर में घुसकर की तोड़फोड़ और लूटपाट
शादी की रस्में शुरू होने ही वाली थीं कि आधा घंटा बाद आरोपी लाठी-डंडों के साथ फिर से आ धमके। दुल्हन की मां ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने न केवल बारातियों के साथ मारपीट की, बल्कि शादी के लिए तैयार किया गया सारा खाना, टेंट और कुर्सियां भी तोड़कर बर्बाद कर दीं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस दौरान घर में रखी गई लगभग 2 लाख रुपये की ज्वेलरी और नकदी भी लूट ली गई।
आरोपियों ने दी जान से मारने की धमकी
दुल्हन की मां ने बायपास थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मोहम्मद रेहान, मोहम्मद अब्बास, मंगल, मोहम्मद सोनू और कम्मो समेत 8-10 अज्ञात लोगों को नामजद किया है। परिजनों का आरोप है कि जाते-जाते आरोपियों ने यह धमकी भी दी कि यदि अगली बार मंसूरी जाति के लोगों की बारात घोड़ी पर आई, तो किसी को जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।
पुलिस का पक्ष
इस मामले पर बायपास थाना के SI सुमन कुमार राय ने बताया कि बारात में विवाद की सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है। हालांकि पुलिस ने जातिगत टिप्पणी की जानकारी होने से फिलहाल इनकार किया है। इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश है और पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

