भागलपुर। जिले के पीरपैंती प्रखंड के कामत टोला में खाना बनाने के दौरान चूल्हे पर गिरने से गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान 46 वर्षीय रूसनी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थीं और उनका इलाज चल रहा था। हादसे में उनके चेहरे का करीब 80 फीसदी हिस्सा झुलस गया था। रविवार को मायागंज अस्पताल में उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घर में चूल्हे पर बना रही थीं सब्जी
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम रूसनी देवी अपने घर में चूल्हे पर सब्जी बना रही थीं। उस समय वह घर में अकेली थीं, जबकि उनकी बेटी सोनी कुमारी दूसरे कमरे में मौजूद थी। इसी दौरान महिला अचानक चूल्हे पर गिर गईं। आग की चपेट में आने से उनका चेहरा बुरी तरह झुलस गया।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें गांव में ही इलाज के लिए दिखाया। हालांकि, उनकी हालत गंभीर होने के कारण रविवार सुबह मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मिर्गी की बीमारी से लंबे समय से थीं पीड़ित
रूसनी देवी की बड़ी बेटी सोनी कुमारी ने बताया कि उनकी मां को लंबे समय से मिर्गी की बीमारी थी। उनका इलाज रांची में चल रहा था। हालांकि, शनिवार को खाना बनाते समय उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ा था या किसी अन्य वजह से वह चूल्हे पर गिरीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। हादसे के कारणों को लेकर परिजनों की ओर से भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
रूसनी देवी अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में हुई इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खेती और मजदूरी कर परिवार चलाते हैं पति
रूसनी देवी के पति छठू मंडल खेती-किसानी के साथ मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार की जिम्मेदारी संभालने वाले छठू मंडल के लिए पत्नी की मौत बड़ा सदमा है। इस हादसे ने परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है।

