लखनऊ. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार को राजधीनी पहुंच हैं. इस दौरान वे संघ की बैठकों में शामिल होंगे और आगामी योजनाओं पर चर्चा करेंगे. सीएम योगी से उनकी मुलाकात हो सकती है. साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता उनसे मुलाकात भी कर सकते हैं. 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं. इससे पहले मोहन भागवत के दौरे से सियासी गलियारों मे चर्चाएं हो रही हैं. अटकलों का बाजार एक बार फिर गर्म हो गया है.

हालांकि जानकारी के मुताबिक आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत विभिन्न प्रदेशों में प्रशिक्षण वर्ग में क्षेत्रवार शामिल हो रहे हैं. बता दें कि आरएसएस (RSS) अपनी स्थापना का शताब्दी वर्ष मना रहा है. संघ की तरफ से विभिन्न तरह के अभियान देश भर में संचालित किए जा रहे हैं. यूपी में भी संघ का प्रशिक्षण वर्ग चल रहा है. इसी कड़ी में मोहन भागवत यूपी दौरे पर आए हैं.

इसे भी पढ़ें : योगी की अभिभावकों से अपील : कहा- गर्मी छुट्टियों में बच्चों को ननिहाल-ददिहाल जरूर ले जाएं, जड़ें मजबूत होंगी तो फलदायी भी अच्छा होगा

मोहन भागवत 26 मई तक लखनऊ में रहेंगे. इस दौरान संघ की कई महत्वपूर्ण बैठकों का भी आयोजन किया जाएगा. पूर्वी क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ शताब्दी वर्ष के तहत चल रहे हिंदू सम्मेलन और गृह संपर्क अभियान के अलावा विभिन्न अभियानों के साथ ही शाखा विस्तार पर भी मंथन होगा. इसके अलावा बीजेपी नेताओं से मुलाकात की भी चर्चा है. संगठन और सरकार के बीच समन्वय को लेकर भी बातचीत संभव है.