अमृतसर। सिख सद्भावना दल के प्रमुख और वरिष्ठ सिख नेता भाई बलदेव सिंह वडाला ने राजनीतिक फायदों के लिए श्री अकाल तख्त साहिब को बीच में घसीटने और गंदी राजनीति करने की कड़े शब्दों में निंदा की है। अमृतसर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता, जत्थेदार साहिब का सम्मान और वहां के आदेशों का पालन करना बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन इस पवित्र संस्था का राजनीतिक इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
बिना पूरी जांच के वीडियो को बनाया जा रहा पंथक मुद्दा
भाई बलदेव सिंह वडाला ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से जुड़े कथित वीडियो मामले पर बोलते हुए कहा कि बिना पूरी जांच के ही इसे पंथक (धार्मिक) मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने दलील दी कि यह मामला अभी जांच के अधीन है और मुख्यमंत्री पहले ही इस वीडियो को ‘फेक’ (नकली) करार दे चुके हैं। वडाला ने कहा कि ऐसे मामलों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने से अकाल तख्त साहिब की मर्यादा को ठेस पहुंचती है।
कांग्रेस और अन्य पंथक नेताओं से सीधे सवाल
भाई वडाला ने कांग्रेस और अन्य सिख नेताओं पर निशाना साधते हुए कई गंभीर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि 1984 में श्री अकाल तख्त साहिब और सिख कौम पर हुए हमले के बाद भी कांग्रेस नेताओं ने कभी खुलकर अपनी पार्टी नेतृत्व या इंदिरा गांधी के फैसलों का विरोध नहीं किया। आज जो कांग्रेस नेता अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता की दुहाई दे रहे हैं, वे बताएं कि पिछले चार दशकों में उन्होंने 1984 की सैन्य कार्रवाई को गलत ठहराने के लिए कौन सा मोर्चा लगाया था? उन्होंने जत्थेदार कुलदीप सिंह गढ़गज्ज और अन्य पंथक नेताओं से पूछा कि अगर अलग-अलग मामलों में राजनीतिक नेताओं को तलब किया जा सकता है, तो 1984 के हमले और उस समय इसका समर्थन करने वाले नेताओं के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? जिन लोगों ने हमले को सही ठहराया था, उन पर भी पंथ को अपना स्टैंड साफ करना चाहिए।
पंजाब के मुख्य मुद्दों से ध्यान भटकाने की आशंका
सिख नेता वडाला ने आशंका जताते हुए कहा कि आज पंजाब ड्रग्स (नशा), गैंगवार, बेरोजगारी, कर्ज और सिख इतिहास से जुड़े कई गंभीर संकटों से जूझ रहा है। लेकिन राजनीतिक पार्टियां इन बुनियादी मुद्दों को छोड़कर सिर्फ एक कथित वीडियो को सबसे बड़ा मुद्दा बनाकर पेश कर रही हैं। उन्होंने अंदेशा जताया कि कहीं पंजाब और पंथ के असली मसलों को दबाने के लिए तो यह वीडियो वाला मामला सामने नहीं लाया गया है?

कौम और संगत से अपील
भाई वडाला ने सिख संगत से अपील की है कि वे अकाल तख्त साहिब के नाम पर हो रही इस राजनीति से सचेत रहें। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस, बीजेपी या अन्य दल सचमुच श्री अकाल तख्त साहिब और सिख कौम से हमदर्दी रखते हैं, तो वे विधानसभा और लोकसभा में 1984 के हमले की निंदा का प्रस्ताव पास करके दिखाएं, तभी उनकी नीयत पर भरोसा किया जा सकता है।
- जिला अस्पताल में सफाईकर्मी से मारपीट: अटेंडर पर आरोप, बीमार युवती को देखने पहुंचा था युवक
- मेरठ में जुटा दिग्गजों का भारी अमला; आखिर 4800 शक्ति केंद्रों के जरिए क्या साधने की तैयारी में है भाजपा?
- मोकामा में आज 14 ट्रेनें रद्द और 17 के मार्ग में बदलाव, यात्रा से पहले यहां देखें पूरी लिस्ट
- ‘किसी केंद्रीय मंत्री को ट्रांसजेंडर बताना ठीक नहीं’, जीतन राम मांझी ने CM से की कार्रवाई की मांग
- दीपक बैज का बड़ा दावा- कांग्रेस के संपर्क में कई भाजपा नेता… पुरंदर मिश्रा का पलटवार, बोले- बैज जहां से टिकट मांगेंगे वहीं से देंगे


