अनिल शर्मा, बराड़ाः भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के विरोध में बीरवार को बराड़ा में भारतीय किसान यूनियन का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भाकियू के जिला प्रधान मलकीत सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया। बाद में किसानों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एसडीएम बराड़ा को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील देश के किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों के हितों के खिलाफ है। किसानों का कहना था कि अगर यह समझौता लागू हुआ तो भारतीय कृषि क्षेत्र पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा और लाखों किसानों की आजीविका प्रभावित होगी। भाकियू जिला प्रधान मलकीत सिंह ने कहा कि भारत का किसान पहले ही बढ़ती लागत, घटते मुनाफे और प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है। ऐसे समय में अमेरिकी कृषि उत्पादों के लिए भारतीय बाजार खोलना किसानों को बर्बादी की ओर धकेलने जैसा होगा। उन्होंने कहा कि अमेरिका में बड़े स्तर पर खेती होती है और वहां किसानों को भारी सरकारी सब्सिडी मिलती है, जबकि भारत का अधिकांश किसान छोटा और सीमांत किसान है। ऐसे में दोनों देशों के किसानों के बीच प्रतिस्पर्धा असमान और अन्यायपूर्ण होगी। किसानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने किसानों की राय को नजरअंदाज कर एफटीए लागू करने की कोशिश की तो देशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि कृषि, खाद्य सुरक्षा और करोड़ों लोगों की रोजी-रोटी से जुड़े मुद्दों पर बंद कमरों में फैसले नहीं लिए जा सकते। किसानों ने प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में मांग की कि भारत-अमेरिका प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए तथा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के आर्थिक हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कहा कि देश की खेती और किसानों के भविष्य से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
- दिलेर खरकिया फायरिंग केस में जयजी से पूछताछ, बाहर आते ही बोले- परिवार को कुछ हुआ तो…
- अंकिता-हसनैन लव जिहाद मामला: एमपी हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब, स्पेशल मैरिज एक्ट को परिभाषित करने के निर्देश
- त्योहारों पर जगमगाएगा यूपी! नहीं होगी बिजली कटौती, सरकार ने तैयार किया ‘फुलप्रूफ प्लान’
- ड्राइविंग लाइसेंस वैध नहीं तो भी पहले देना होगा मुआवजा, हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी को दिया ‘पे एंड रिकवर’ का आदेश
- MP में परिवहन सेवा का नया अध्याय: 25 सितंबर से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’, सीएम डॉ. मोहन दिखाएंगे हरी झंडी



