मनेंद्र पटेल, दुर्ग। भिलाई के सिविक सेंटर स्थित होटल हरिराज के बाथरूम में स्पाइ कैमरा मिलने का मामला सामने आया है। होटल में ठहरी एक युवती ने बाथरूम का इस्तेमाल करने के दौरान टाइल्स में बने दो छेद के बीच कैमरे जैसी संदिग्ध वस्तु देखी। इसके बाद उसने होटल संचालक को जानकारी देने के बजाय सीधे डायल 112 पर शिकायत की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाथरूम की जांच की, जहां कैमरा मिलने की बात सामने आई।

बताया जा रहा है कि यह मामला करीब एक सप्ताह पुराना है। युवती की शिकायत के बाद पुलिस टीम होटल पहुंची थी। बाथरूम की जांच के दौरान जिस जगह युवती ने संदिग्ध वस्तु देखी थी, वहां कैमरा मिला। घटना की जानकारी सामने आते ही होटल में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। होटल संचालक भी इस मामले को लेकर हैरान रह गए।

सीसीटीवी फुटेज में स्टाफ की गतिविधि सामने आने का दावा

होटल संचालक का दावा है कि बाथरूम में कैमरा लगाने की इस हरकत के पीछे होटल का ही एक स्टाफ शामिल था। संचालक के मुताबिक, होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच के दौरान संदिग्ध स्टाफ की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद उसकी पहचान किए जाने का दावा किया गया।

हालांकि, इस मामले में आरोपी कौन है, इसे लेकर अभी पुलिस की जांच पूरी नहीं हुई है। पुलिस ने होटल में काम करने वाले सभी स्टाफ की जानकारी मांगी है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

एक स्टाफ के फरार होने की बात, मोबाइल और आधार कार्ड से ट्रेसिंग

जांच के दौरान आरोपी स्टाफ के फरार होने की बात भी सामने आई है। होटल संचालक ने पुलिस को उसका आधार कार्ड और फोटो उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस को दिया गया है। इन्हीं जानकारियों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश और लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल होटल संचालक की ओर से संबंधित स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी उसे आधिकारिक तौर पर आरोपी घोषित नहीं किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और होटल के स्टाफ से पूछताछ के साथ उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

मामले में कैमरा बाथरूम तक कैसे पहुंचा, इसे किसने लगाया और इसके पीछे क्या वजह थी, इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H