अजय सैनी, भिवानी. शहर की सडक़ों पर बिना किसी वैध कागजात और पंजीकरण के धड़ल्ले से चल रहे ई-रिक्शा अब यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के लिए बड़ी समस्या बनते जा रहे हैं। न्यू ऑटो रिक्शा एसोसिएशन ने इस मुद्दे को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और अवैध रूप से चलाए जा रहे ई-रिक्शा के खिलाफ तुरंत सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
न्यू ऑटो रिक्शा एसोसिएशन के प्रधान राजेंद्र सोनी की अगुवाई में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को शहर में बिगड़ती यातायात स्थिति से अवगत कराया। राजेंद्र सोनी ने बताया कि इस समय शहर में लगभग 5,000 ई-रिक्शा बिना किसी कागजात, लाइसेंस या पंजीकरण के अवैध रूप से सडक़ों पर दौड़ रहे हैं। बिना रजिस्ट्रेशन और सत्यापन के चल रहे ई-रिक्शा चालकों की कोई आधिकारिक जानकारी पुलिस या प्रशासन के पास नहीं है, जिससे किसी भी दुर्घटना या आपराधिक घटना के समय पहचान करना कठिन हो जाता है।
नियमों की अनदेखी कर कहीं भी ई-रिक्शा खड़े करने और बेतरतीब ढंग से चलाने के कारण मुख्य बाजारों व चौराहों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने ज्ञापन में कहा कि यातायात पुलिस के प्रभारी को दिनांक 24 अगस्त को एसोसिएशन की तरफ से शिकायत भी दी जा चुकी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री को भी सीएम विंडो के माध्यम से शिकायत भेजी जा चुकी है लेकिन समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस के प्रभारी द्वारा सीएम विंडो की शिकायत की एक्शन टेकन रिपोर्ट पर हस्ताक्षर करवाने हेतु उन्हें बार-बार बुलाया जा रहा है जबकि हकीकत में जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई अवैध ई रिक्शाओं के विरुद्ध नहीं की जा रही है। एसोसिएशन ने मांग की है कि बिना कागजात सडक़ों पर उतरने वाले ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाकर उन्हें जब्त किया जाए और रूट व्यवस्था लागू की जाए। पुलिस अधीक्षक ने एसोसिएशन की मांगों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए इस सम्बंध में शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
- जैनम मानस भवन में 14 से 19 अक्टूबर तक सजेगी ‘रंगीलो रास गरबा’ की महफिल, पारंपरिक ड्रेस अनिवार्य, बॉलीवुड गानों पर रहेगी रोक
- न मूर्ति, न प्रतिमा, इस शक्तिपीठ में पालने की होती है पूजा, नवरात्रि में नवविवाहित जोड़े मांगते हैं विशेष आशीर्वाद….
- घी के डिब्बे में जहर: नंद कृष्णा, मधुसूदन और ब्रजवासी समेत 6 ब्रांड्स फेल, खरीदने से पहले चेक कर लें ये ‘बैच नंबर’
- Toyota Glanza Facelift Launched: टोयोटा ने फेस्टिव सीजन में उतारी नई ग्लैंजा, ADAS सेफ्टी और वेंटिलेटेड सीट्स के साथ बेहतर माइलेज का दावा
- BRICS में बांग्लादेशी पीएम के न आने पर शेख हसीना ने जमकर हमला बोला, कहा- तारिक रहमान का न आना राष्ट्रीय हितों के खिलाफ

