भिवानी। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अधिकारी ने राशन डिपो का लाइसेंस जारी करने के बदले डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। ACB की टीम ने शिकायत मिलने के बाद जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
पहले 20 हजार रुपये लेने का भी आरोप
शिकायत के मुताबिक, मुकेश कुमार ने सुमन पत्नी कृष्ण के नाम पर राशन डिपो का लाइसेंस जारी करने की एवज में शिकायतकर्ता से डेढ़ लाख रुपये मांगे थे। आरोप है कि अधिकारी पहले ही 20 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर ले चुका था।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB भिवानी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया।
एक लाख लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
ACB की टीम ने कार्रवाई के दौरान मुकेश कुमार को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। रिश्वत की बाकी 30 हजार रुपये की रकम लाइसेंस संबंधी काम पूरा होने के बाद देने की बात तय हुई थी।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
ACB ने आरोपी के खिलाफ थाना ACB हिसार में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की आगे जांच जारी है। जांच में रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

