पूर्व पार्षद ईश्वर सिंह मान ने एसई को सौंपा मांग पत्र, जल्द समाधान नहीं होने पर धरने की चेतावनी

अजय सैनी, भिवानी। स्थानीय रोहतक गेट स्थित बजरंग बली नगर में पिछले करीब एक दशक से सीवर के मैनहोल में फंसा ढक्कन स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सीवर लाइन में ढक्कन अटका होने के कारण क्षेत्र के करीब 50 घरों के सामने आए दिन जलभराव की स्थिति बनी रहती है। इस गंभीर जनसमस्या के समाधान की मांग को लेकर पूर्व पार्षद ईश्वर सिंह मान ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को मांग पत्र सौंपकर सीवर लाइन में फंसे ढक्कन को जल्द निकलवाने की मांग की है।

पूर्व पार्षद ईश्वर सिंह मान ने बताया कि बजरंग बली नगर में रोहतक गेट सब्जी मंडी पुलिस चौकी के सामने पिछले करीब 10 वर्षों से सीवर के मैनहोल का ढक्कन पाइपलाइन के मुंह के आगे गिरा हुआ है। इसके कारण सीवर का पानी आगे नहीं निकल पाता और बारिश के दिनों के साथ-साथ सामान्य दिनों में भी करीब 50 घरों के सामने गलियों में गंदा पानी जमा हो जाता है। जल निकासी बाधित होने से स्थानीय लोगों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि यह मैनहोल कवर पिछले करीब 10 वर्षों से सड़क के नीचे दबा हुआ था। 11 अगस्त को उन्होंने स्वयं पहल करते हुए एक हजार रुपये खर्च कर जेसीबी की मदद से सड़क के नीचे दबे मैनहोल को ढूंढकर बाहर निकलवाया। मैनहोल मिलने के बाद अब यह स्पष्ट हुआ है कि सीवर लाइन के अंदर ही ढक्कन फंसा हुआ है, जिसके कारण पानी की निकासी बाधित हो रही है।

ईश्वर सिंह मान ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता से मांग की है कि विभागीय कर्मचारियों, हथौड़े अथवा जेसीबी मशीन की सहायता से सीवर लाइन के अंदर फंसे इस ढक्कन को बाहर निकलवाया जाए, ताकि सीवर की पानी निकासी सुचारु हो सके और आगामी बारिश के दौरान लोगों के घरों में गंदा पानी घुसने की स्थिति पैदा न हो।

पूर्व पार्षद ने विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सीवर लाइन में फंसे ढक्कन को जल्द बाहर नहीं निकाला गया तो मजबूरीवश क्षेत्रवासियों को साथ लेकर सब्जी मंडी पुलिस चौकी के सामने धरना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m