अजय सैनी, भिवानी. स्थानीय पतराम गेट स्थित श्रीमती फूला देवी गल्र्स स्कूल में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा समिति भिवानी द्वारा बैठक का आयोजन किया गया। 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भव्य एवं दिव्य भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करने, व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने तथा श्रद्धालुओं की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुलाई गई इस बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी दीवान चंद रहेजा ने की।
बैठक की शुरुआत में समिति के अध्यक्ष राजेश अत्री ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारी भारतीय सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता, सेवा और भक्ति का एक महान उत्सव है। भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों पर सदैव अपनी असीम कृपा बरसाते हैं। ऐसी मान्यता है कि इस पावन रथ यात्रा में सम्मिलित होने मात्र से ही श्रद्धालुओं को परम आध्यात्मिक शांति और अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
रथ यात्रा के रूट और समय की जानकारी देते हुए राजेश अत्री ने बताया कि इस वर्ष रथ यात्रा 16 जुलाई को प्रात: 8 बजे स्थानीय लोहड़ चौपटा से प्रारंभ होगी। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, उनके भ्राता भगवान बलभद्र एवं बहन माता सुभद्रा के बेहद आकर्षक और सुसज्जित रथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेंगे। मार्ग में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा, भव्य आरती, भजन-कीर्तन और महाप्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सभी सदस्यों से पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों को निभाने का आग्रह किया ताकि यह आयोजन भिवानी के इतिहास में एक यादगार और ऐतिहासिक धार्मिक उत्सव बन सके।
इस भव्य आयोजन को अनुशासित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बैठक में कई विशेष समितियों का गठन किया गया और जिम्मेदारी सौंपी गई। जिसके तहत लक्ष्मण गौड को प्रैस समिति अध्यक्ष एवं सुनील बॉक्सर को प्रचार समिति अध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गई। इसके साथ ही रथ सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता, महाप्रसाद वितरण, स्वच्छता, स्वयंसेवकों की नियुक्ति तथा सांस्कृतिक एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रमों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई और सभी को जिम्मेदारियां बांटी गईं। बैठक के समापन पर वरिष्ठ समाजसेवी दीवान चंद रहेजा ने विश्वास जताया कि भिवानी वासियों के सामूहिक सहयोग, सदस्यों के अटूट समर्पण और स्वयं भगवान जगन्नाथ की असीम कृपा से इस वर्ष की रथ यात्रा अत्यंत भव्य, दिव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक रूप से सफल होगी। पूरा नगर इस पावन पुनीत कार्य के लिए तत्पर है।
बैठक में भिवानी के अनेक गणमान्य नागरिकों और समिति सदस्यों ने हिस्सा लिया और आयोजन को भव्य बनाने के लिए अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। सभी ने एक स्वर में इस उत्सव को सफल बनाने के लिए तन, मन और धन से पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर अनिल गौड, विशंभर अरोड़ा, जवाहर मिताथलिया, नरेश कौशिक, गोपाल सांवरिया, प्रेम कुमार धमीजा, आनंद गर्ग, कृष्ण धोना, राजवीर शर्मा, हेमंत शर्मा, अनिल परमार, प्रदीप सोनी, नरेश बांका, डा. मुरलीधर शास्त्री, डा. संजय अत्री, बसंत आचार्य, मनोज शर्मा, अरविंद मित्तल, बजरंग लाल, देवकांत शर्मा, देवेंद्र, सुरेश अग्रवाल, श्री रामस्वरूप सोनी तथा ईश्वर सोनी सहित भारी संख्या में प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
- UP Weather Today: 10 जिलों में होगी भारी बारिश, 40-50 किमी. की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, जानिए प्रदेश के सभी जिलों में कैसा रहेगा मौसम का हाल
- युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, रोजगार देने वाला बनाएगी सरकार: CM नायब सैनी
- 22 July 2026 Rashifal : इस राशि के जातकों के करियर में आने वाली है नई चुनौतियां
- जीवन सूक्त : जैसा संग वैसा रंग – संदीप अखिल
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 22 July: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन


