भिवानी: प्रेमी के प्यार में अंधी हुई लिव-इन पार्टनर ने अपने ही साथी जितेंद्र की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि इस खौफनाक वारदात में उसने अपने प्रेमी के साथ पिता को भी शामिल कर लिया। रात में जितेंद्र के सोने का इंतजार किया गया। फिर उसे छत से नीचे फेंका और चारपाई के पाए से सिर व शरीर पर कई वार किए। पुलिस ने महिला, उसके पिता और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला भिवानी की ब्रह्मा कॉलोनी का है। यहां 40 वर्षीय जितेंद्र आटा चक्की चलाता था। वह मूल रूप से गांव खैरपुरा का रहने वाला था। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जितेंद्र के साथ रह रही सोनू की पहले शादी हो चुकी थी। गांव मिरान में शादी के बाद पति से अनबन हुई तो उसने तलाक की अर्जी दे दी थी। इसके बाद करीब साढ़े पांच साल पहले उसकी मुलाकात जितेंद्र से हुई। दोनों साथ रहने लगे और उनकी दो बेटियां भी हुईं।

पड़ोस के मेडिकल स्टोर संचालक से बढ़ीं नजदीकियां

पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले सोनू के पड़ोस में मेडिकल स्टोर चलाने वाले युवक के साथ उसके प्रेम संबंध बन गए। इसकी भनक जितेंद्र को लगी तो उसने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा। आरोप है कि सोनू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर जितेंद्र को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।

पिता को गांव से बुलाया, रात में दिया वारदात को अंजाम

पुलिस जांच के अनुसार, साजिश को अंजाम देने के लिए सोनू ने वीरवार शाम अपने पिता सुरेश सुंडा को गांव बुद्धशैली से बुलाया। रात में जब जितेंद्र सो गया तो तीनों ने कथित तौर पर उसे छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद उसके सिर और शरीर पर चारपाई के पाए से कई वार किए गए। इस हमले में जितेंद्र की जान चली गई।

खून के निशान साफ किए, फिर बताई छत से गिरने की बात

हत्या के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर फर्श पर बिखरे खून के निशान साफ किए। अगली सुबह जितेंद्र के चाचा को सूचना दी गई कि वह छत से गिर गया है। हालांकि, पुलिस जांच आगे बढ़ने पर मामला हत्या का निकला। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है।

शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जरनैल सिंह ने बताया कि महिला, उसके पिता और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।