अजय सैनी, भिवानी। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को लेकर हरियाणा सरकार और कर्मचारियों के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। सोमवार को नगर परिषद कर्मचारियों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए नगर परिषद अध्यक्ष और सचिव के कार्यालय में कूड़ा डाल दिया। इस दौरान कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर मांगों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया और आंदोलन को 26 अगस्त तक बढ़ाने का ऐलान किया।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार नगर परिषद और अग्निशमन कर्मचारियों की मांगों को लेकर बातचीत करने से बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के जरिए करने के बजाय टालने की कोशिश की जा रही है।

मुख्यमंत्री को सही जानकारी नहीं मिलने का आरोप
कर्मचारी नेता कॉमरेड ओमप्रकाश ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री को वास्तविक स्थिति से अवगत नहीं कराया जा रहा है, जिसके कारण वह कर्मचारियों की मांगों पर सही फैसला नहीं ले पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार 13 मई को कर्मचारियों के साथ हुए समझौते पर कायम रहती तो आज प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं बनती। कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर कथित तौर पर दोहरी नीति अपनाने और कर्मचारियों को आपस में बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

पुलिस के जरिए व्यवस्था बहाल करने का आरोप
कॉमरेड ओमप्रकाश ने कहा कि सरकार पुलिस बल के जरिए सफाई व्यवस्था बहाल करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कर्मचारियों की मांगों पर बातचीत नहीं कर रही। उन्होंने सरकार से तत्काल कर्मचारियों के साथ टेबल टॉक शुरू करने और लंबित मांगों का समाधान करने की मांग की।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि हड़ताल को 26 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
भिवानी से पूरे हरियाणा तक आंदोलन बढ़ाने की चेतावनी
नगर परिषद की वाइस चेयरमैन रेणु संदीप तंवर बंटी ने कहा कि कर्मचारियों की आवाज दबाने की कोशिश की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को भिवानी से आगे पूरे हरियाणा तक ले जाया जाएगा।
वहीं कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वे अन्य कर्मचारी संगठनों को भी आंदोलन से जोड़ेंगे और जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों और कर्मचारियों की समस्याओं के बारे में जानकारी देंगे। उन्होंने आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही।

पार्षदों ने दिया कर्मचारियों को समर्थन
सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को नगर परिषद के कुछ पार्षदों का भी समर्थन मिला। पार्षद विनोद कुमार और पार्षद जयबीर रंगा समेत अन्य पार्षदों ने कर्मचारियों की मांगों को जायज बताते हुए सरकार से बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेता कॉमरेड ओमप्रकाश, सुखदर्शन सरोहा, सुखदेव सिंह, सफाई कर्मचारी नेता पुरुषोत्तम दानव, कर्मचारी नेता जयहिंद, अग्निशमन यूनियन नेता अजय श्योराण, पार्षद विनोद कुमार, पार्षद जयबीर रंगा सहित कई कर्मचारी नेता और प्रतिनिधि मौजूद रहे। कर्मचारियों ने एकजुट होकर आंदोलन को मजबूत करने और सरकार पर मांगें पूरी करने का दबाव बनाने का ऐलान किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


