अजय सैनी, भिवानी. शहर के सबसे प्रमुख रिहायशी इलाकों में शुमार सेक्टर 13 और 23 के निवासी इन दिनों बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सीवर, सडक़, बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं को लेकर स्थानीय जनता में प्रशासन के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो अब दि भिवानी रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने सीधे तौर पर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
एसोसिएशन के प्रधान (आजीवन उपलब्धि प्राप्त) रामकिशन शर्मा ने अपनी समस्त कार्यकारिणी की ओर से सोमवार को उपायुक्त को एक मांग पत्र सौंपकर प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए हैं और जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

प्रधान रामकिशन शर्मा ने बताया कि सेक्टर 13 व 23 में सीवर व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। मकान नंबर 2115/13 के पास मुख्य सीवर का हाल पिछले एक साल से नीचे धंसा हुआ है, लेकिन प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया है। सीवर धंसने के कारण आस-पास के मकानों की नींव कमजोर हो रही है, विशेषकर मकान नंबर 2115 में खतरनाक दरारें आ चुकी हैं। उन्होंने रोष प्रकट करते हुए कहा कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है: स्थानीय निवासी हर वक्त डर के साये में जीने को मजबूर हैं।
सेक्टर की सडक़ों की बदहाली पर आक्रोश जताते हुए रामकिशन शर्मा ने कहा कि सेक्टर 13 के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने से लेकर वृद्ध आश्रम तक जाने वाली मुख्य सडक़ पूरी तरह टूट चुकी है। सडक़ पर बने गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को न्यौता दे रहे हैं। वृद्ध आश्रम की तरफ जाने वाले बुजुर्गों और स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं को इस रास्ते से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वही बिजली और पानी की किल्लत को लेकर भी एसोसिएशन ने तीखा विरोध दर्ज कराया है।
शर्मा ने कहा कि मकान नंबर 3532 सेक्टर 13 के पास बिजली का लोड अत्यधिक बढ़ चुका है, जिसके कारण फ्यूज बार-बार उड़ जाते हैं और घंटों कट लगा रहता है। दो वर्ष पहले यहाँ 4 खंभे लगाए गए थे, जिन्हें पिछले वर्ष बिना वजह यहा से हटा दिया गया। एसोसिएशन ने यहाँ तुरंत नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है ताकि बिजली और पानी की मोटर सुचारू रूप से चल सकें। उन्होंने कहा कि प्ताह में एक या दो दिन बिजली गुल रहने के कारण निर्धारित समय पर पानी की सप्लाई नहीं हो पाती। प्लाट धारकों और निवासियों को पानी आने का समय पता नहीं चल पाता। इसके समाधान के लिए पानी की टंकी पर एक हूटर लगाने की मांग की गई है ताकि पानी छोड़ते ही लोगों को पता चल सके और वे पानी का संचय कर सकें।
एसोसिएशन के प्रधान रामकिशन शर्मा और स्थानीय निवासियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि सेक्टरवासी लाखों रुपये का टैक्स सरकार को देते हैं, लेकिन बदले में उन्हें केवल आश्वासन और परेशानियाँ मिल रही हैं। यदि उपायुक्त ने इन जनहित की गंभीर समस्याओं का यथाशीघ्र संज्ञान लेकर इनका स्थाई समाधान नहीं करवाया, तो एसोसिएशन समस्त नागरिकों को साथ लेकर सडक़ों पर उतरने और उग्र प्रदर्शन करने के लिए विवश होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस अवसर पर डॉ फूल सिंह धनाना, डॉ सतबीर सिंह, बैंक अधिकारी राव वीरेंद्र सिंह, राजकुमार तंवर, भुक्कल साहब भी मौजूद रहे।
- जिला पंचायत दफ्तर में निकला कोबरा: अधिकारियों-कर्मचारियों में मचा हड़कंप, RCRS टीम ने किया रेस्क्यू, देखें VIDEO
- कांग्रेस का हल्लाबोल: बिजली कटौती और स्मार्ट मीटर के खिलाफ DE दफ्तर का घेराव, पुलिस से तीखी झड़प, उग्र आंदोलन की चेतावनी
- नर्मदापुरम में सटोरियों का ‘महागठबंधन’ ध्वस्त: सब्जी मंडी से बंगाली कॉलोनी तक पुलिस का आधी रात को तांडव, 14 गिरफ्तार
- Rajasthan News: BAP नेता आदिल खान पर जानलेवा हमला
- FIFA World Cup 2026: ऑस्ट्रिया के खिलाफ मेसी के पास इतिहास रचने का मौका, सिर्फ एक गोल दागकर बना सकते हैं ये 3 बड़े रिकॉर्ड

