अजय सैनी भिवानी। श्री अग्रसेन रामलीला कमेटी भिवानी द्वारा इस वर्ष 11 अक्तूबर से संपूर्ण रामलीला महोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में बुधवार को स्थानीय हांसी गेट स्थित एक विद्यालय में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। पत्रकार वार्ता की जानकारी कमेटी के मीडिया प्रभारी अभिषेक बंसल ने दी।

पत्रकार में कमेटी के प्रधान विजय बंसल टैणी ने बताया कि रामलीला का यह आयोजन रेलवे रोड स्थित सेठ किरोड़ीमल पार्क में 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक प्रतिदिन सांय 7 बजे से आयोजित किया जाएगा। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों द्वारा संपूर्ण रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा, बाहर से आए कलाकारों द्वारा कोल्ड आतिशबाजी का भव्य और दर्शनीय प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया जाएगा। टैणी ने बताया कि 20 अक्तूबर को सायंकाल 5 बजे अहिरावण एवं रावण वध तथा 100-100 फीट के रावण, मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का दहन मुख्य आकर्षण रहेगा।

इसके पश्चात 21 अक्तूबर को स्थानीय शिव नगर कॉलोनी स्थित सिंघानिया भवन में रामराज तिलक एवं भरत मिलाप कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
रामलीला की विस्तृत जानकारी देते हुए विजय बंसल टैणी ने बताया कि 11 अक्तूबर को गणेश वंदना, नारद मोह एवं विष्णु भगवान को श्राप, 12 अक्तूबर राम जन्म एवं ताडक़ा वध, 13 अक्तूबर को सीता स्वयंवर एवं लक्ष्मण-परशुराम संवाद, 14 अक्तूबर को राम वन गमन एवं केवट लीला, 15 अक्तूबर को श्रवण लीला, दशरथ परलोक गमन, चित्रकूट में राम-भरत मिलाप, 16 अक्तूबर को सीता हरण, सुग्रीव राम-मिलन, बाली वध एवं हनुमान जी का लंका प्रवेश, 17 अक्तूबर को सीता माता के दर्शन, लंका दहन एवं विभीषण राम की शरणागत, 18 अक्तूबर रावण-अंगद संवाद, लक्ष्मण मूर्छा एवं हनुमान द्वारा संजीवनी बूटी लाना, 19 अक्तूबर को कुम्भकर्ण एवं मेघनाथ वध, 20 अक्तूबर को अहिरावण व रावण वध, भव्य पुतला दहन तथा 21 अक्तूबर रामराज तिलक एवं भरत मिलाप का मंचन होगा।
वहीं उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं साथ ही पुलिस सिक्योरिटी का भी प्रबंध किया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।