भोजपुर। जिले के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत बलबतरा मोहल्ला स्थित एक निजी फार्म हाउस में पुलिस ने देर रात छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि फार्म हाउस में महिला डांसरों के नृत्य कार्यक्रम के बीच शराब पार्टी और हर्ष फायरिंग की जा रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।

​गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी छापेमारी

​बुधवार की रात करीब 12 बजे टाउन थाना पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि बलबतरा स्थित एक फार्म हाउस में नियमों को ताक पर रखकर जश्न मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में न केवल अश्लील डांस का आयोजन किया गया था, बल्कि शराब के नशे में धुत युवक लगातार हर्ष फायरिंग कर रहे थे। फायरिंग की आवाज से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई और फार्म हाउस को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी की गई।

​पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश, सभी गिरफ्तार

​पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक हड़कंप मच गया और वे भागने का प्रयास करने लगे। हालांकि, पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए पांचों आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मंजीत कुमार रजक, आकाश कुमार, मो. नसरुद्दीन खान, ताहा अजीज और मो. नजीरूल हक उर्फ नादिर के रूप में हुई है, जो सभी बलबतरा वार्ड संख्या-तीन के निवासी हैं।

​भारी मात्रा में हथियार और शराब बरामद

​तलाशी के दौरान, पुलिस ने मो. नजीरूल हक के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया। घटनास्थल से एक और खोखा, एक मोबाइल फोन और 750 एमएल की अंग्रेजी शराब की बोतल जब्त की गई। मौके पर मौजूद सभी आरोपियों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
​इस घटना के बाद एएसआई मो. जहांगीर अंसारी के बयान पर टाउन थाना में आर्म्स एक्ट और बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।