भोजपुर। जिले के हसन बाजार थाना क्षेत्र के हसन बाजार गांव में बाजार से लाए गए मंचूरियन को खाने से तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला चंद्रावती कुंअर की भी मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में पहले उनकी पोती काव्या कुमारी की भी जान जा चुकी है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुरुवार शाम की घटना और मंचूरियन का सेवन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची काव्या कुमारी के मामा ज्योति प्रसाद गुप्ता ने बताया कि गुरुवार की शाम उनके जीजा कुंदन कुमार गुप्ता के ममेरे भाई द्वारा घर में मंचूरियन लाया गया था। इस मंचूरियन को परिवार के बच्चों और बुजुर्गों ने बड़े चाव से खाया था। मंचूरियन खाने वालों में मृतका चंद्रावती कुंअर, उनके पोते रोहित कुमार, बिट्टू कुमार और नातिन/पोती काव्या कुमारी शामिल थीं।
एक घंटे बाद बिगड़ने लगी तबीयत
मंचूरियन खाने के महज एक घंटे के भीतर ही सभी की तबीयत अचानक तेजी से बिगड़ने लगी। सभी को पेट में तेज दर्द और लगातार उल्टी की शिकायत होने लगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए परिवार वालों ने तुरंत काव्या कुमारी को बिक्रमगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान ही चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से बीमार पड़ी उसकी दादी चंद्रावती कुंअर को बेहतर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
आरा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में डॉक्टरों की देखरेख में बुजुर्ग चंद्रावती कुंअर का इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार को इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस बीच, बीमार चल रहे अन्य दोनों बच्चों बिट्टू कुमार और रोहित कुमार का इलाज एक निजी अस्पताल में कराया गया, जहां समय पर चिकित्सा मिलने के कारण अब वे दोनों बिल्कुल खतरे से बाहर और स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
पोस्टमार्टम और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और शनिवार को मृत बच्ची काव्या कुमारी तथा उसकी दादी चन्द्रावती कुंअर के शवों को अपने कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया।
हसन बाजार थानाध्यक्ष जयराम शुक्ला ने इस संबंध में बताया कि फिलहाल मृतकों के परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन नहीं मिला है। पुलिस आवेदन मिलने का इंतजार कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक साथ घर के दो सदस्यों की मौत के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। चार पुत्रों (संतोष कुमार गुप्ता, दीपक गुप्ता, गुड्डू गुप्ता, कुंदन कुमार गुप्ता) और दो पुत्रियों की मां चंद्रावती कुंअर के निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



