आरा। बिहार के भोजपुर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला आरा-पटना फोरलेन का है, जहां एक अनियंत्रित वाहन ने 8 वर्षीय बालक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर घंटों सड़क जाम रखा।
रॉन्ग साइड से आ रहे वाहन ने ली जान
मृतक की पहचान सिन्हा थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव निवासी सोनू बिंद के इकलौते पुत्र कृष्णा कुमार (8) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कृष्णा धनुपरा के पास सड़क किनारे से जा रहा था। तभी विपरीत दिशा से गलत साइड में आ रही एक तेज रफ्तार चार पहिया गाड़ी ने उसे कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मासूम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क पर प्रदर्शन और पुलिस की कार्रवाई
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन के दोनों ट्रैक जाम कर दिए, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत और उचित मुआवजे के आश्वासन के बाद जाम खोला जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
बुझ गया घर का इकलौता चिराग
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दिया है। कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


