आरा। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसा सामने आया है। यहां चैती छठ का प्रसाद लेकर अपने मायके से ससुराल लौट रही एक महिला की चलती बाइक से गिरने के कारण मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​ब्रेकर पर बिगड़ा संतुलन और घट गई अनहोनी

​मृतका की पहचान अगिआंव प्रखंड के मरसिया गांव निवासी राज बहादुर सिंह की 40 वर्षीय पत्नी चिंता देवी के रूप में हुई है। घटना के संबंध में मृतका के पुत्र अविनाश कुमार ने बताया कि वह दो दिन पहले अपनी मां को लेकर नाना के घर (ननिहाल) गया था, जहां चैती छठ का आयोजन था। पूजा संपन्न होने के बाद, शुक्रवार को वह अपनी मां के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहा था।
​जैसे ही उनकी बाइक गड़हनी थाना क्षेत्र के बड़ौरा गांव के समीप पहुंंची, सड़क पर अचानक एक स्पीड ब्रेकर आ गया। तेज झटका लगने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठी चिंता देवी अनियंत्रित होकर सिर के बल पक्की सड़क पर गिर पड़ीं।

​अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गईं सांसें

​हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान हालत में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोट इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

​परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

​चिंता देवी अपने पीछे एक पुत्र अविनाश और एक पुत्री आंचल कुमारी को छोड़ गई हैं। पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा, तो कोहराम मच गया। जिस घर में छठ के प्रसाद की खुशियां होनी चाहिए थी, वहां अब चीख-पुकार मची है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर बने अवैध या बिना संकेत वाले ब्रेकरों पर ध्यान देने की मांग की है।