फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित गांव ‘हजारा सिंह वाला’ में पीलिया और खतरनाक बैक्टीरिया का संक्रमण जानलेवा होता जा रहा है। कस्बे ममदोट के अधीन आने वाले इस गांव में 19 साल के युवक अर्शदीप सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, अर्शदीप पीलिया से गंभीर रूप से पीड़ित था।
गौरतलब है कि इसी गांव में करीब एक महीने पहले 22 फरवरी को भी एक 12 साल की बच्ची की बीमारी के कारण जान चली गई थी। एक के बाद एक हो रही इन मौतों ने स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अस्पतालों के चक्कर काटते थमी सांसें
परिजनों ने बताया कि अर्शदीप 12वीं पास था। पिछले गुरुवार वह डेरा ब्यास गया था, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे लगातार उल्टियां हो रही थीं। सोमवार को लौटते वक्त वह रास्ते में बेहोश हो गया। उसे पहले फिरोजपुर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज और फिर एम्स बठिंडा रेफर किया गया। अंततः उसे चंडीगढ़ PGI भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

क्या है बीमारी की वजह?
ममदोट सरकारी अस्पताल की डॉक्टर रेखा भट्टी के अनुसार, गांव में लेप्टोस्पायरोसिस (Leptospirosis) नामक बैक्टीरिया के कारण पीलिया फैल रहा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब तक गांव की 3500 की आबादी में से 1900 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। अब तक पीलिया के 35 कंफर्म केस सामने आए हैं। 11 मरीज वर्तमान में अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
गांव वालों का आरोप है कि यदि एक महीने पहले बच्ची की मौत के वक्त प्रशासन ने सख्त कदम उठाए होते, तो आज अर्शदीप की जान बच सकती थी। वहीं, स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि लोग सावधानी नहीं बरत रहे हैं। विभाग ने ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने और क्लोरीन की गोलियों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
- जीवन सूक्त : हम खफा कब थे मनाने की जरूरत क्या है – संदीप अखिल
- Bihar Morning News: ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण, आज से धरने पर बैठेगा वायरल बॉय आदित्य राज
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 30 August: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- अयोध्या को एक और बड़ा तोहफा: राम मंदिर के करीब बनेगा हाईटेक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भूमि पूजन संपन्न
- CG Crime : पत्नी की हत्या कर तमिलनाडु भागा था आरोपी, गांव लौटते ही पुलिस ने दबोचा


