गुरुग्राम: आम आदमी पार्टी (AAP) के गलियारे से इस वक्त की एक बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार को अचानक गुरुग्राम पहुंचे। दोनों बड़े नेता दिल्ली से सीधे गुरुग्राम की भोंडसी जेल (Bhondsi Jail) गए। यहाँ उन्होंने जेल में बंद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और पूर्व मंत्री संजीव अरोड़ा से मुलाकात की। अचानक हुए इस हाई-प्रोफाइल दौरे से जेल परिसर के आसपास सुरक्षा बेहद सख्त कर दी गई थी।
अलग कमरे में 20 मिनट तक चली बातचीत (Kejriwal Bhagwant Mann Meet)
जेल सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के भोंडसी जेल पहुंचने के बाद जेल प्रशासन (Jail Administration) से बकायदा मुलाकात की अनुमति ली गई। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद दोनों वरिष्ठ नेताओं को संजीव अरोड़ा से मिलने दिया गया। बताया जा रहा है कि एक अलग कमरे में करीब 20 मिनट तक दोनों नेताओं ने संजीव अरोड़ा से बातचीत की। हालांकि, इस मुलाकात के दौरान उनके बीच क्या चर्चा हुई, इसे लेकर पार्टी की तरफ से अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
₹100 करोड़ के फर्जी जीएसटी घोटाले का आरोप (GST Scam Case)
आपको बता दें कि पूर्व मंत्री और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को प्रवर्तन निदेशालय (ED Investigation) ने इसी महीने 9 मई को गिरफ्तार किया था। उन पर मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) और 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी घोटाले (Fake GST Scam) में शामिल होने का गंभीर आरोप है। गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसी ने कोर्ट से उनकी 7 दिन की रिमांड ली थी, जिसके बाद पूछताछ के लिए दो दिन की अतिरिक्त रिमांड भी मिली थी।
ईडी (ED) की पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत ने संजीव अरोड़ा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में जेल भेज दिया था, जिसके बाद से वे भोंडसी जेल में बंद हैं। ऐसे में केजरीवाल और मान का जेल जाकर उनसे मिलना, राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

