शिखिल ब्योहार, भोपाल। वाह रे मध्य प्रदेश की पुलिस और उनकी मेहमान-नवाजी! जब बात अपराधियों की सुरक्षा और आवभगत की हो तो भोपाल पुलिस किसी भी बड़े होटल के कर्मचारियों को भी पीछे छोड़ सकती है! दरअसल मामला राजधानी की जिला अदालत के बाहर का है, जहां एक आरोपी को हथकड़ी में भी ऐसा शाही सुख मिल रहा था जिसे देखकर आम आदमी भी सोच में पड़ जाए कि कैदी होकर भी इतनी आवभगत।

ये भी पढ़ें: MP में कोचिंग सेंटर्स के लिए बदले नियम, 90 दिन में रजिस्ट्रेशन जरूरी; शिक्षकों की योग्यता भी करनी होगी सार्वजनिक

हथकड़ी फैशन है, सिगरेट-मोबाइल…

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पुलिस के तमाम सुरक्षा दावों और मैनुअल की हवा निकाल दी है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में एक आरोपी बड़े आराम से हाथ में हथकड़ी लगाए खुलेआम सिगरेट के कश उड़ा रहा है और साथ ही मोबाइल पर लंबी-चौड़ी गप्पे भी लड़ा रहा है। इसे देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लग रहा था कि वह न्यायिक अभिरक्षा में कोई मुजरिम है बल्कि ऐसा प्रतीत हो रहा था कि साहब किसी VIP दौरे पर निकले हों।

ये भी पढ़ें: स्कूल में प्रिंसिपल की प्रताड़ना से छात्रों का फूटा गुस्साः टॉयलेट साफ कराने और गिट्टी पर घुटने टिकवाने के गंभीर आरोप, पुलिस में शिकायत

खाकी के पहरे में खुली छूट

सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी ऐसे मुस्तैद नजर आए जैसे वे आरोपी की नहीं बल्कि उसकी प्राइवेसी की रक्षा कर रहे हों। चर्चा है कि ये सुरक्षाकर्मी कमला नगर थाने से जुड़े हैं। अब कस्टडी में खुलेआम मोबाइल मिलने और बाहरी संपर्क साधने की इस छूट ने पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खैर वीडियो वायरल होने के बाद अब महकमे में जांच के नाम पर खानापूर्ति की रस्म अदा होने की पूरी उम्मीद है, तब तक आरोपी शायद अपनी इस खातिरदारी का पूरा आनंद लेते रहेंगे!

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m