भोपाल। राजधानी भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम सनसनी फैल गई। एक युवती पर उसके पूर्व प्रेमी ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने युवती पर धारदार चाकू से गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर कई वार किए। युवती को बचाने के लिए आगे आई उसकी बड़ी बहन पर भी युवक ने हमला कर दिया जिससे उसे भी गंभीर चोट आई है। सिरफिरे आशिक की करतूत CCTV में कैद हुई है।

दरअसल, पूरा मामला मंगलवार शाम करीब 4 बजे का है जब युवती अपनी बड़ी बहन के साथ शंकर नगर इलाके में घर के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान अक्षय चंदेल ने दोनों का रास्ता रोक लिया। युवती और अक्षय के बीच पहले से विवाद चल रहा था। जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस बढ़ने पर युवक अचानक आक्रोशित हो गया और उसने अपने पास रखा धारदार हथियार निकाल लिया। इसके बाद उसने युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। 

आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों को निशाना बनाते हुए कई वार किए। बहन जब उसे बचाने के लिए आगे बढ़ी तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। जिससे उसका गाल कट गया। घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी वहां से फरार हो गया। 

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भागने से पहले आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। घायल दोनों बहनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी और युवती पहले से शादीशुदा है। पिछले कुछ समय से तलाक जैसी स्थिति बन गई थी, जिसके बाद दोनों अलग अलग रहने लगे थे। 

घटना के दिन आरोपी युवक अपनी पत्नी से मिलने पहुंचा था जहां कहासुनी के बाद यह घटना घटी है। एडिशनल ADCP अनिल शर्मा ने बताया कि आरोपी अक्षय चंदेल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m