शिखिल ब्यौहार, भोपाल। राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र में क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई के बाद स्थानीय थाना पुलिस पूरी तरह एक्सपोज हो गई है। थाने की नाक के नीचे चल रहे अवैध जुए के अड्डे पर क्राइम ब्रांच की दबिश के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इस गंभीर लापरवाही और संदिग्ध आचरण को लेकर डीसीपी (DCP) जोन-1 ने कड़ा एक्शन लेते हुए बजरिया थाना प्रभारी शिल्पा कौरव समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।

थाना प्रभारी, ASI और आरक्षक पर गिरी गाज  

  • थाना प्रभारी: शिल्पा कौरव (निलंबित)
  • बीट प्रभारी: एएसआई (ASI) सूर्यमणि द्विवेदी (निलंबित)
  • माइक्रो बीट प्रभारी: आरक्षक प्रेमशंकर चौरे (निलंबित)

रूसी पठान की फड़ पर पड़ा था छापा 

बता दें कि दो दिन पूर्व क्राइम ब्रांच की टीम ने बजरिया थाना क्षेत्र में कुख्यात रूसी पठान के जुए की फड़ पर अचानक छापा मारा था। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में जुआ और नगदी पकड़ी गई थी। स्थानीय थाने के अंतर्गत इतने बड़े पैमाने पर जुए का संचालन होना और थाना पुलिस को भनक तक न लगना स्थानीय पुलिस प्रशासन पर बड़े सवाल खड़े कर रहा था।

पुलिस उपायुक्त (DCP) जोन-01 द्वारा जारी निलंबन आदेश में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि यह कार्रवाई कर्तव्य में घोर लापरवाही और अधिकारियों के संदिग्ध आचरण के कारण की जा रही है।

महेंद्र सिंह राठौर को मिली बजरिया थाने की कमान 

कार्रवाई के तुरंत बाद प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्राइम ब्रांच में पदस्थ निरीक्षक महेंद्र सिंह राठौर को बजरिया थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m