शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां थाने पहुंचे एक पीड़ित परिवार ने पुलिसकर्मियों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि जब वे दबंगों की शिकायत लेकर थाने पहुंचे, तो पुलिस ने उनकी मदद करने के बजाय अजीबोगरीब बयानबाजी की, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार का इलाके के कुछ दबंग बदमाशों के साथ विवाद हुआ था। आरोप है कि दबंगों ने परिवार पर समझौते का दबाव बनाने के लिए उनके घर तक पहुंचकर जमकर गाली-गलौज की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इससे पहले भी बदमाशों द्वारा चाकू लेकर धमकाने की शिकायत थाने में की जा चुकी थी।

थाने में पुलिस का अजीबोगरीब बयान

जब पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लेकर बजरिया थाने पहुंचा, तो वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय कथित तौर पर कहा, “पुलिस पर तो वैसे ही हमला हो रहा है, झूमाझटकी हो रही है।” थाने में हुई इस बातचीत का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें पुलिस का यह रवैया चर्चा का विषय बन गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस दबंगों पर सख्त कार्रवाई करने से बच रही है, जिसके चलते शिकायतकर्ताओं को ही अब भारी परेशानियों और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, सामने आए इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि लल्लूराम डॉट कॉम नहीं करता है, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद से बजरिया थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m