शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी में छात्रों के भविष्य और सरकारी खजाने में सेंधमारी करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मध्य प्रदेश में एमबीए स्टूडेंट्स को मिलने वाली सरकारी छात्रवृत्ति (Scholarship) में करीब एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई ने यूको बैंक की हबीबगंज शाखा की तत्कालीन बैंक मैनेजर सहित 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और भ्रष्टाचार का केस दर्ज कर लिया है।

यूको बैंक की हबीबगंज शाखा में खेल, खोले गए 118 फर्जी खाते

यह पूरा घोटाला साल 2020-21 के दौरान का है। शातिरों ने बैंक प्रबंधन के साथ मिलकर यूको बैंक की हबीबगंज शाखा में 118 फर्जी बैंक खाते खुलवाए। हैरान करने वाली बात यह है कि ये खाते उन छात्रों के नाम पर खोले गए थे, जिन्हें इस घोटाले की भनक तक नहीं थी। यूको बैंक के जोनल हेड को जब इस भारी गड़बड़ी का शक हुआ तो उन्होंने मामले की शिकायत की। सीबीआई ने इस शिकायत पर शुरुआती जांच करने के बाद अब औपचारिक रूप से मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कॉलेज प्रबंधन और बैंक मैनेजर की ‘जुगलबंदी’, बिना KYC के ट्रांसफर हुई रकम

जांच में इस घोटाले के पीछे ‘एकेडमी ऑफ मैनेजमेंट कॉलेज’ से जुड़े रसूखदारों और बैंक अधिकारियों का एक गठजोड़ सामने आया है।

कॉलेज से जुड़े विनय मल्होत्रा, आदित्य मल्होत्रा, मनोज जैन, राम सिंह वर्मा और विनेश मेश्राम की इस पूरे खेल में शुरुआती भूमिका पाई गई है, जिसके बाद इन्हें आरोपी बनाया गया है।

यूको बैंक की वरिष्ठ प्रबंधक प्रेमा वर्मा पर बैंकिंग नियमों की धज्जियां उड़ाने के गंभीर आरोप हैं। मैडम मैनेजर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए फर्जी साइन और बिना किसी अनिवार्य KYC प्रक्रिया के धड़ाधड़ 118 खाते खोलने की मंजूरी दे दी।

ऐसे ठिकाने लगाई 99 लाख रुपए से ज्यादा की राशि

इन फर्जी खातों को खोलने का एकमात्र मकसद सरकारी पैसे को डकारना था। आरोपियों ने मिलीभगत कर अनुसूचित जाति, जनजाति या अन्य पिछड़ा वर्ग के एमबीए छात्रों के नाम पर स्वीकृत होने वाली छात्रवृत्ति की राशि को इन फर्जी खातों में ट्रांसफर करवा लिया। इसके बाद बैंक खातों से 99 लाख रुपये से ज्यादा की रकम निकालकर आपस में बांट ली गई। सीबीआई अब इस मामले में शामिल कॉलेज के अन्य कड़ियों और बैंक के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिससे आने वाले दिनों में कुछ और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m