शब्बीर अहमद, भोपाल। विश्व हिंदू परिषद (VHP) के संस्थापक स्वर्गीय अशोक सिंहल की 100वीं जन्म शताब्दी के अवसर पर राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विश्व हिंदू परिषद (मध्यभारत प्रांत) की ओर से आयोजित इस गरिमामय समारोह में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश वित्त आयोग के अध्यक्ष जयभान सिंह पवैया, आरएसएस (RSS) मध्यभारत प्रांत के संघचालक अशोक पांडे सहित विहिप के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
IIT से पढ़ाई के बाद राष्ट्र उत्थान में समर्पित किया जीवन: सीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोक सिंहल के जीवन दर्शन और विचारों को प्रेरणादायक बताया। सीएम ने कहा, “अशोक सिंहल जी ने प्रतिष्ठित आईआईटी (IIT) से पढ़ाई पूरी करने के बावजूद अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र उत्थान, धर्म और समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने प्रचारक के रूप में कार्य करते हुए देश को एकजुट करने, सामाजिक एकता और समरसता की नींव को मजबूत करने का ऐतिहासिक काम किया।”
सीएम ने जोर देकर कहा कि राष्ट्र की एकात्मता में उनका योगदान अतुलनीय है और उनके समरसता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने की सख्त आवश्यकता है।
UCC पर कांग्रेस पर तीखा हमला
समान नागरिक संहिता (UCC) का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में जब समान नागरिक संहिता लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए, तो कांग्रेस के पेट में दर्द होने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा से पर्दे के पीछे से UCC और सामाजिक सुधारों का विरोध करती रही है।
सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान
कार्यक्रम के मंच से मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि विश्व हिंदू परिषद मध्य प्रदेश में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण और राष्ट्र जागरण को लेकर जो भी कार्यक्रम आयोजित करेगी, राज्य सरकार उसमें हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


