संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने साइबर अपराधों पर लगाम कसने और आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘सेफ क्लिक 2.0’ (Safe Click 2.0) कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने साइबर सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और पुलिस विभाग को उनके बेहतरीन कार्यों के लिए बधाई दी। सीएम ने साइबर खतरों की तुलना ‘डिजिटल राक्षस’ से करते हुए नागरिकों को सतर्क रहने का मंत्र दिया।

मध्य प्रदेश पुलिस के नाम बड़ी उपलब्धि: देश में पहली बार पकड़ी गई ‘लाइव साइबर ठगी’
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल पुलिस की मुस्तैदी की जमकर सराहना की। उन्होंने एक बड़े और ऐतिहासिक रेस्क्यू का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में भोपाल पुलिस ने सजगता दिखाते हुए एक ‘लाइव डकैती/साइबर ठगी’ को रंगे हाथों पकड़ा था। सीएम ने गर्व जताते हुए कहा कि पूरे देश में अगर लाइव साइबर ठगी कहीं पकड़ी गई, तो वह हमारे राज्य मध्य प्रदेश के भोपाल में पकड़ी गई। सरकार इस तरह के डिजिटल अपराधों पर सुदृढ़ता और कड़ाई से काम कर रही है।

सुरक्षा का नया मूलमंत्र: ‘सावधानी, सुरक्षा और सहभागिता’
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में डिजिटल ठगी के नए-नए रास्ते और पैंतरे सामने आ गए हैं। इनसे निपटने के लिए सरकार ने मजबूत संस्थागत और कानूनी ढांचा तैयार किया है। उन्होंने साइबर सुरक्षा को मुख्य रूप से तीन स्तंभों में बांटने की जरूरत बताई। जिसमें साइबर सुरक्षा, सावधानी और सहभागिता को अहम बताया।

सीएम ने जनता से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल पर जब भी किसी अनजान नंबर से कॉल या मैसेज आए तो फौरन कोई कदम न उठाएं, पहले रुको, फिर सोचो और उसके बाद ही कुछ करो।

पिछले साल 33 लाख नागरिकों को किया सतर्क
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष भी पुलिस ने साइबर जागरूकता को लेकर सराहनीय जमीनी कार्य किया था जिसके तहत लगभग 33 लाख नागरिकों को डिजिटल फ्रॉड के प्रति सतर्क व जागरूक किया गया था। इस साल भी पुलिस द्वारा इस अभियान को पूरी सतर्कता और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, क्योंकि सावधानी ही असली सुरक्षा है और जानकारी ही इसका सबसे बड़ा बचाव है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

